Spread the love

नई दिल्ली| लोकसभा और खासकर सुजानपुर में होने वाले विधानसभा उपचुनाव से पूर्व भारतीय जनता पार्टी को विधानसभा क्षेत्र में तगड़ा झटका लगा है। यहां से वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी रहे रिटायर्ड कै. रंजीत राणा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। रंजीत राणा ने बुधवार को नई दिल्ली में हिमाचल कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला से मुलाकात करने के बाद विधिवत रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। रंजीत राणा सुजानपुर के बीड़ बगेहड़ा से जिला परिषद के सदस्य भी हैं। उन्होंने वर्ष 2022 में भाजपा की टिकट पर कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा के खिलाफ चुनाव लड़ा था और वह मात्र 399 मतों से चुनाव हार गए थे। विदित रहे कि कांग्रेस से बगावत करने के उपरांत भाजपा द्वारा उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित करने के साथ ही कैप्टन रंजीत ने भी ऐलान कर दिया था कि वह भी उपचुनाव लड़ेंगे।

भले ही उन्हें बतौर आजाद उम्मीदवार मैदान में क्यों न उतरना पड़े। अब उनका कांग्रेस में जाना इस बात के भी संकेत दे रहा है कि वह उपचुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी भी हो सकते हैं। बताते चलें कि कैप्टन रंजीत की शुरू से समीरपुर में आस्थाएं रही हैं। उनको 2022 के विधानसभा चुनाव में टिकट पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. धूमल के आशीर्वाद से ही मिला था। अब उनके कांग्रेस ज्वाइन करने से सुजानपुर में लोकसभा चुनावों पर फर्क पड़े न पड़े, लेकिन उपचुनाव पर फर्क जरूर पड़ सकता है।

टिकट मिला, तो फिर आमने-सामने होंगे राणा और राणा

कांग्रेस ज्वाइन करने के उपरांत यदि पार्टी कैप्टन रंजीत को विधानसभा उपचुनाव में अपना प्रत्याशी बनाती है, तो एक बार फिर राजेंद्र राणा और रंजीत राणा आमने.सामने होंगे। यही नहीं दिलचस्प बात यह है कि इस बार दोनों की ही साख दाव पर रहेगी। क्योंकि यह तो तय है कि दोनों में से जिसकी भी हार हुई उसके लिए भविष्य में पार्टी से चुनाव लडऩे के दरवाजे लगभग बंद हो जाएंगे।

By admin

Leave a Reply