देहरा| हिमाचल प्रदेश की देहरा विधानसभा में हो रहा उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। इसलिए दोनों पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत कैंपेन में झोंक दी है। रमेश धवाला व होशियार सिंह की मुलाकात ने कांग्रेस का होमवर्क बढ़ा दिया है। कांग्रेस को अब नई रणनीति बनानी पड़ रही है। हालांकि इससे पहले कांग्रेस इस चुनाव को आसान मान रही थी, लेकिन भाजपा ने चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में जिस तरह से सियासी डैमेज कंट्रोल शुरू किया है, उसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। चुनाव मैदान में मुख्यमंत्री की पत्नी सामने होने के चलते भाजपा ने अपने हर छोटे बड़े नेता व पार्टी पदाधिकारी को मैदान में उतार दिया है। आलम यह है कि हर गली, हर घर बीजेपी वर्कर दस्तक दे रहे हैं।
सीएम की पत्नी कमलेश ठाकुर को चुनाव मैदान में उतार कर सत्ता के सहारे चुनावी नैया पार लगाने को जोर लगा रही है। कांग्रेस के प्रचार के लिए सीएम सुक्खू भी लगातार जुटे हैं और कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी हवा बनाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभी भाजपा प्रत्याशी और भाजपा के दिग्गज नेता रमेश धवाला की मुलाकात ने कांग्रेस के होमवर्क को और बढ़ा दिया है। रमेश धवाला पूर्व में मंत्री रह चुके हैं और उनकी गिनती ओबीसी के बड़े लीडर के तौर पर की जाती है। वहीं, दूसरी तरफ भाजपा ने अपने डैमेज को कंट्रोल करने में अपने सभी नेताओंं को चुनावी मैदान में उतार दिया है।
टिकट न मिलने से नाराज थे पूर्व मंत्री रमेश धवाला
भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनावों में पार्टी प्रत्याशी रहे रमेश धवाला के बजाय होशियार सिंह को उपचुनाव का टिकट दे दिया था। इससे धवाला नाराज चल रहे थे। सर्वविदित है कि रमेश धवाला की नाराजगी का सीधा नुकसान भाजपा को हो सकता था और कांग्रेस को लाभ मिल जाना था, लेकिन अब रमेश धवाला और होशियार सिंह के मिलन से कांग्रेस के सारे समीकरण बदल दिए हैं और कांग्रेस को अब नई रणनीति के तहत काम करना पड़ेगा, यानी इस मुलाकात से कांग्रेस का होमवर्क और बढ़ गया है।
भाजपा का अभियान तेज
भाजपा ने आम कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी फीडबैक लेकर आगामी रणनीति पर काम कर रहे हैं। भाजपा ने हर गली और बाजार को फोक्स कर प्रचार तेज कर दिया है। भाजपा की रणनीति है कि मतदान से पहले दो बार हर मतदाता के द्वार पहुंच कर समर्थन जुटाया जा सके। चुनावी नतीजे किसके पक्ष में जाते हैं, यह तो समय के गर्भ में छिपा है, लेकिन जिस तरह से भाजपा ने अपने प्रचार को तेज किया है, उसने कांग्रेस को भी और होम वर्क करने पर मजबूर कर दिया है।




