धर्मशाला| हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों को आपस में जोड़ने के लिए एलायंस एयर की ओर से शुरू की गई घरेलू उड़ानें अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गई हैं। प्रदेश में लगातार मौसम खराब रहने के कारण विमानन कंपनी ने यह फैसला लिया है। शुरुआती तौर में कंपनी ने इन उड़ानों को 15 जुलाई तक बंद रखने का निर्णय लिया था, लेकिन अभी तक नई उड़ानें शुरू करने का शेड्यूल जारी नहीं हुआ है।जानकारी के अनुसार प्रदेश के विभिन्न राज्यों को हवाई सेवा से आपस में जोड़ने के लिए एलायंस एयर ने शिमला-धर्मशाला और शिमला-कुल्लू के लिए हवाई उड़ानें शुरू की थीं। इन उड़ानों का शिमला-धर्मशाला और शिमला-कुल्लू के लिए प्रति सवारी किराया 3,500 से 4,000 रुपये तक है।
विमानन कंपनी एलायंस एयर की धर्मशाला, शिमला और कुल्लू हवाई अड्डों से अन्य राज्यों के लिए उड़ानें हो रही हैं। विमानन कंपनी का जहाज गगल एयरपोर्ट से धर्मशाला से दिल्ली, शिमला एयरपोर्ट से नई दिल्ली और अमृतसर, जबकि कुल्लू एयरपोर्ट से दिल्ली, देहरादून और अमृतसर के लिए उड़ानें भर रहा है, जिसका शेड्यूल भी वेबसाइट पर जारी है।




