Spread the love

नई दिल्ली | अगर आपके पास भी कार है और आप रोजाना हाइवे या एक्सप्रेस-वे पर सफर करते हैं, तो यह खबर आपको खुश कर देगी। जी हां, अब एक सिस्टम के तहत हाइवे पर 20 किलोमीटर के सफर तक आपको टोल का भुगतान नहीं करना होगा। यानी कार बिना किसी टोल के एक्सप्रेस-वे और हाइवे पर फर्राटा भरेगी। यह सुविधा टैक्सी नंबर वाले वाहनों के लिए नहीं होगी, बल्कि केवल प्राइवेट व्हीकल वालों को मिलेगी। सरकार की तरफ से कहा गया है कि यदि किसी गाड़ी में ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (जीएनएसएस) लगा है और वह काम कर रहा है, तो उस गाड़ी को रोजाना 20 किलोमीटर तक हाइवे या एक्सप्रेसवे पर चलने के लिए किसी तरह का टोल टैक्स नहीं देना होगा। बता दें कि जीएनएसएस एक तरह का सैटेलाइट सिस्टम है, जो गाड़ी की लोकेशन की जानकारी देता है। नितिन गडकरी के सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने नेशनल हाइवे फीस नियम, 2008 में बदलाव की नोटिफिकेशन जारी की है।

नोटिफिकेशन में कहा गया कि नेशनल परमिट रखने वाले वाहनों को छोडक़र किसी अन्य वाहन का चालक, मालिक या प्रभारी व्यक्ति जो राष्ट्रीय राजमार्ग, स्थायी पुल, बाईपास या सुरंग के उसी सेक्शन का यूज करता है, उससे जीएनएसएस-बेस्ड सिस्टम के तहत एक दिन में प्रत्येक दिशा में 20 किलोमीटर तक के सफर के लिए किसी प्रकार का टोल नहीं लिया जाएगा। लेकिन गाड़ी यदि 20 किलोमीटर से ज्यादा चलती है, तो उससे टोल लिया जाएगा। यह टैक्स उस दूरी के हिसाब से होगा, जो गाड़ी ने हकीकत में तय की है। टोल टैक्स को जीएनएसएस नामक तकनीक से वसूला जाएगा। जीएनएसएस एक तरह का सैटेलाइट सिस्टम है, जो गाड़ी की लोकेशन से जुड़ी जानकारी देता है। यह तकनीक फास्टैग के साथ काम करेगी। यानी आपके पास यदि फास्टैग है, तब भी आप इस नई तकनीक को यूज सकते हैं। जीएनएसएस बेस्ड टोल कलेक्शन सिस्टम के बारे में एक पायलट प्रोजेक्ट कर्नाटक में एनएच-275 के बंगलुरु-मैसूर सेक्शन और हरियाणा में एनएच-709 के पानीपत-हिसार सेक्शन पर शुरू किया गया है।

गाडिय़ों में लगवाना पड़ेगा ऑन-बोर्ड यूनिट

जीएनएसस-बेस्ड टोल कलेक्शन सिस्टम के तहत वाहनों में एक ट्रैकिंग डिवाइस लगाया जाएगा, जिसे ऑन-बोर्ड यूनिट (ओबीयू) कहा जा रहा है। सरकारी वेबसाइट्स के जरिए फास्टैग की तरह ही ओबीयू भी मुहैया कराए जाएंगे। ट्रैकिंग डिवाइस लगे वाहन एनएच या अन्य टोल वाली सडक़ों से गुजरेंगे, तो हाईवे पर लगे कैमरे और सैटेलाइट के जरिए तय की गई दूरी का पता चल जाएगा। डिजिटल इमेज प्रोसेसिंग के जरिए इनका निर्देशांक रिकार्ड हो जाएगा और इससे सॉफ्टवेयर को टोल का निर्धारण करने की अनुमति मिलेगी। सीसीटीवी कैमरों वाले गैंट्री सुचारू संचालन सुनिश्चित करते हुए अनुपालन की मॉनिटरिंग करेंगे। शुरुआत में इस सिस्टम को प्रमुख हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर लागू किया जा सकता है। तय की गई दूरी के आधार पर ओबीयू से लिंक किए गए बैंक अकाउंट से ऑटोमैटिक रूप से टोल टैक्स की राशि काट ली जाएगी।

By admin

Leave a Reply