Times Himachal (हेम चौहान)
हिमाचल प्रदेश की सियासी भूचाल आना नई बात नहीं है। छोटे मोटे भूचाल का यहां ज़्यादा फर्क नहीं पड़ता क्योंकि यहां दो दलीय प्रणाली की जड़ें इतनी मज़बूत है कि अभी तक कोई भी तीसरा मोर्चा इसे हिला नहीं पाया। यहां कांग्रेस बीजेपी सगे भाई बहन की तरह बारी बारी से सत्ता की मलाई खाते हैं और तीसरा विकल्प कुलाचे मार कर धीरे धीरे शांत हो जाता है। तू चल मैं आया की तर्ज़ पर कांग्रेस बीजेपी हिमाचल की सत्ता को अदला बदली करती रही है। अब एक बार फिर से तीसरा मोर्चा उबाल मार रहा है जहां कुल्लु की वादियों में गुपचुप बंद दरवाजों के पीछे कुछ बागी नेताओं और पूर्व विधायकों व मंत्रियों की बैठकें होती है और प्रदेश की वर्तमान स्थिति को तराजू में तोल कर नए समीकरण बनाने के लिए कमर कसने की बात होती है। कसमें खाई जाती है कि स्थिति को गुप्त भी रखा जाए और प्रदेश से दोनों दलों के बागी नेताओं की सूची तैयार कर नए राजनैतिक समीकरण बनाकर नया दल तैयार होगा जिसकों पंजीकृत की आगे की रणनीति बनाई जाएगी और हर हाल में आगामी विधानसभा चुनावों में सत्ता में आने का प्रयास होगा। देखा जाए तो प्रदेश की राजनीति दो दलीय ही रही है । तीसरे मार्चे ने जब जब उभरने की कोशिश की और पांव पसारने के लिए क़दम बढ़ाया तो कांग्रेस बीजेपी ने ऐसे प्रयासों को निस्तेनाबूत कर दिया। सुखराम इसमें प्रदेश के लिए एक उम्मीद बनकर उभरे भी, सत्ता में भी उनकी हिमाचल विकास पार्टी के नेता मंत्री तक बने लेकिन कालांतर में वो पार्टी भी आई गई हो गई। अब उसी बागी पार्टी के पूर्व मंे मंत्री रहे डॉ0 राम लाल मार्कंडेय नए मोर्चे की कमान हाथों में लिए इस गुप्त बैठक की परतें खोल रहे हैं। उनके अनुसार शीघ्र ही नए समीकरण प्रदेश देखेगा और नए राजनीतिक दल के रुप में हिमाचल में सत्ता का हस्तांतरण भी होगा। उन्होंने बीजेपी और कांग्रेस को लूट का भण्डार कहते हुए साफ कर दिया कि दोनों ही दलों के नेता उनके संपर्क में हैं और हिमाचल शीघ्र ही नया विकल्प देखेगा। हालांकि इससे पहले यह कहना ग़लत न होगा कि इस समय हिमाचल में राष्टीय देवभूमि हिमाचल दल भी तीसरा विकल्प के रुप में स्वयं को स्थापित करने के लिए जदोज़हद कर रहा है। 12 ज़िलों में उनके आंदोलन और प्रयास आम लोगों तक पहुंच रहे हैं। उधर आम आदमी पार्टी भी हिमाचल की सियासत पर गिद्द्ध नज़र गढ़ाए हुए हैं।
अब ऐसे में मार्कंडेय का ये तीसरा मोर्चा जिसमें उनका दावा है किे वर्तमान के विधायक भी शामिल है, कितना कारगर और असरदार होगा, देखना दिलचस्प होगा। क्योंकि यहां तो वीरभद्र सिंह जैसे नेता भी कांग्रेस से तल्खि़यों के चलते भी नए दल के लिए हामी नहीं भर पाए थे। और शायद सोशल मीडिया पर तीसरे विकल्प के लिए स्व0 वीरभद्र सिंह फैन क्लब भी लगातार सक्रिय बना हुआ है। प्रदेश के लिए ये समीकरण एक वर्ष के भीतर किस करवट बैठते हैं यह तो समय बताएगा लेकिन लोगों की नाराजगी और बेरोजगारी ने प्रदेश में हलचल तो मचा ही रखी है ।




