Times Himachal : हिमाचल प्रदेश की राजनीति से मंगलवार सुबह एक दुखद खबर सामने आई। शाहपुर के पूर्व विधायक और प्रदेश के पूर्व पर्यटन मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया का निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह अचानक उनकी तबीयत खराब हुई। परिजन और आसपास के लोग उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुटे, लेकिन उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई और रास्ते में ही उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से लेकर पूरे कांगड़ा जिले तक शोक की लहर दौड़ गई। उनके समर्थक, राजनीतिक सहयोगी और क्षेत्र के लोग इस खबर से स्तब्ध हैं।
मेजर मनकोटिया के निधन की खबर सामने आते ही उनके समर्थकों और शुभचिंतकों का उनके आवास की ओर पहुंचना शुरू हो गया। राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। शाहपुर क्षेत्र के लोगों के लिए उनका निधन एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहने के कारण विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ उनका जुड़ाव रहा। मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन से हिमाचल की राजनीति में उनके लंबे सार्वजनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय समाप्त हो गया है।




