गगरेट : स्थानीय कस्बे के होशियारपुर रोड स्थित तीन दुकानों में रविवार रात अचानक सुलगी चिंगारी से तीन दुकानें जल कर राख हो गई। दुकानों में आग लगने का पता चलते ही मालिक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और परिजन उसे सिविल अस्पताल गगरेट उपचार के लिए ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विवादित दुकानों का मामला न्यायालय में विचाराधीन था। उधर, मृतक के बेटे व भतीजे ने इस घटना के पीछे क्षेत्र के ही एक व्यक्ति का हाथ होने का आरोप लगाते हुए गगरेट पुलिस थाना में शिकायत पत्र सौंपा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीडि़त पक्ष के मनोज कुमार व राहुल शर्मा ने बताया कि रविवार-सोमवार मध्य रात्रि जब वे लोग अपने घर पर सो रहे थे, तो एक व्यक्ति ने आकर बताया कि उनकी दुकानों में आग लगी है। जब उन्होंने ये बात अपने ताया मुकेश शर्मा को बताई तो उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिस पर वे उन्हें लेकर सिविल अस्पताल गगरेट पहुंचे तो डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति जबरन उनकी दुकानों पर कब्जा करना चाहता था और इसे लेकर उसने उन्हें पहले भी कई बार धमकियां दी थीं। यही नहीं बल्कि उन्हें धमकी भरे पत्र भी भेजे गए थे। अभी आठ दिन पहले दुकानों में आग लगाने की धमकी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस आगजनी की घटना के कारण ही उनके ताया मुकेश शर्मा की मौत हुई है। उन्होंने आरोपित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। एसएचओ अशोक चौधरी का कहना है कि दुकानों में आग लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और अब इस बावत एक शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। अगर कोई दोषी पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।




