शिमला| कांग्रेस विधायक दल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर भरोसा जताया है। सभी 38 विधायकों ने एक साथ मिलकर मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर विश्वास जताया है और अब आगामी तीन उपचुनाव में पार्टी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ही चुनाव में जाएगी। इसके अलावा सरकार गिराने का षड्यंत्र रचने वालों के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ है। कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुधवार को शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव, लोकसभा और विधानसभा में पार्टी के प्रदर्शन सहित मौजूदा नेतृत्व पर चर्चा की गई। विधायकों ने चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर ही अपना भरोसा जताया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि सरकार गिराने का षड्यंत्र रचने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का मत प्रतिशत बढ़ा है। पिछले चुनाव में 27 प्रतिशत वोट मिले थे, जो इस बार बढक़र 41 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों को आगामी तीन उपचुनाव में जुटने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर उद्योग मंत्री हर्षबर्धन चौहान ने कहा कि सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में ही चलेगी। सभी विधायक मुख्यमंत्री के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों के अलावा प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी मौजूद रहीं।




