Spread the love

शिमला| हिमाचल में बेशक तीन उपचुनावों के लिए शेड्यूल जारी हो गया होए लेकिन पार्टी के प्रत्याशी तय करने के लिए कांग्रेस अभी थोड़ा वक्त लेगी। कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि तीन सीटों देहरा, नालागढ़ और हमीरपुर में होने जा रहे उपचुनाव को लेकर विधायक दल में चर्चा हुई है और इन चुनावों को भी कांग्रेस पार्टी जीतेगी। जहां तक प्रत्याशी तय करने की बात है, तो इस बारे में पहले पीसीसी प्रेसिडेंट प्रतिभा सिंह के साथ बैठकर वह चर्चा करेंगे और उसके बाद हाइकमान को बताया जाएगा। गौर हो कि हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला आजकल इंडियन क्रिकेट टीम के साथ वल्र्ड कप के कारण अमेरिका में हैं। उनके वापस लौटने में अभी कुछ दिन लगेंगे।

इसलिए संभव है कि कांग्रेस प्रत्याशियों का चयन 16 या 17 जून के बाद हो। पिछले विधानसभा चुनाव में देहरा सीट पर कांग्रेस की टिकट पर डा. राजेश शर्मा, नालागढ़ सीट पर हरदीप सिंह बावा और हमीरपुर सीट पर डा. पुष्पेंद्र वर्मा ने चुनाव लड़ा था। अब यह पार्टी को तय करना है कि इन्हीं प्रत्याशियों को दोबारा चुनाव लडऩा है या नतीजे को देखते हुए कुछ और फैसला लेना है।

हम दिल्ली को पानी दे रहे हैं, कोर्ट हरियाणा से पूछे

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में जलसंकट को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई के बारे में जब मुख्यमंत्री सुक्खू से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हिमाचल दिल्ली को पानी दे रहा है। हमने अपने हलफनामे में भी कहा है कि पानी देने में कोई दिक्कत नहीं है। दिल्ली हमारी राष्ट्रीय राजधानी है और यह हमारी जिम्मेदारी भी है, लेकिन कोर्ट को हरियाणा से पूछना चाहिए। क्योंकि हिमाचल से जाने वाला पानी पहले हरियाणा जाता है। उन्होंने कहा कि यदि कोर्ट से हिमाचल को लेकर कोई कमेंट किया गया है तो वह जानकारी लेंगे कि किसने कोर्ट में क्या जवाब दिया।

By admin

Leave a Reply