शिमला | हमीरपुर जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में जादू शो दिखाने के आदेशों के संदर्भ में शिक्षा निदेशालय की ओर से प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर से जवाब तलब किया गया है। बीते मंगलवार से सोशल मीडिया पर हो रही वायरल हो रही चिट्ठी के आधार पर उपनिदेशक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं मामले के चर्चा में आने के बाद प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय की ओर इन आदेशों को वापस ले लिया गया है।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर ने 11 मार्च को जिलाभर के निजी और सरकारी स्कूलों में जादू शो दिखाने और शो के दौरान होने वाली आय का 30 फीसदी भाग मुख्यमंत्री राहत कोष में देने के लिए स्कूलों को निर्देश जारी किए थे। जिसके उपरांत चिट्ठी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक की ओर से चिट्ठी की प्रतिलिपि उपायुक्त कार्यालय हमीरपुर को भेजी गई थी। आदेशों के सोशल मीडिया में प्रसारित होने के बाद शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के हस्तक्षेप से आदेश वापस ले लिए गए हैं।





