शिमला | राज्य कैडर के विरोध में 28 फरवरी से चल रही पटवारियों और कानूनगो की हड़ताल बुधवार को खत्म हो गई। वीरवार से कर्मचारी काम पर लौट आएंगे। बुधवार को राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के साथ विधानसभा परिसर स्थित कमेटी रूम में संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ की बैठक में तय हुआ कि इन कर्मचारियों का राज्य कैडर ही रहेगा। हालांकि इससे पदोन्नति प्रभावित नहीं होगी।
बैठक के बाद राजस्व मंत्री ने मीडिया से कहा कि राज्य कैडर की अधिसूचना समझने में महासंघ को थोड़ा समय लगा। सरकार ने साफ किया है कि जब तक भर्ती एवं पदोन्नति नियम नहीं बदलते, तब तक पुरानी व्यवस्था लागू रहेगी, जिससे पदोन्नति प्रभावित नहीं होगी। इसके अलावा संघ की अन्य मांगों पर भी चर्चा की गई। संघ ने बिना शर्त पेन डाउन हड़ताल वापस ले ली है। इससे आम लोगों की समस्या खत्म हो गई है।
