बिलासपुर | बंबर ठाकुर गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने दिल्ली के नजफगढ़ इलाके से मुख्य शूटर सागर को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद से फरार चल रहे सागर को पुलिस ने हरियाणा बॉर्डर पर नजफगढ़ में एक दोस्त के घर से पकड़ा। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह वहीं छिपा हुआ है, जिसके बाद विशेष टीम ने छापा मारकर उसे धर दबोचा। हालांकि, इस मामले में अब भी तीन शूटर और एक स्थानीय आरोपी फरार हैं। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
बंबर ठाकुर पर फायरिंग करने वाले कुल चार शूटरों में से तीन अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस अभी इनमें से दो की पहचान नहीं कर पाई है। जबकि अन्य की तलाश जारी है। इसके अलावा पुलिस एक स्थानीय आरोपी की भी खोजबीन कर रही है, जो वारदात के बाद से भूमिगत हो चुका है। हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों में भी पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। सागर की गिरफ्तारी के बाद अब बाकी आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। वहीं उम्मीद जताई जा रही है कि दो अन्य शूटरों की भी अब पहचान हो जाएगी।
