शिमला | हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस कार्यकारिणी के गठन को लेकर प्रदेश के तीनों नेताओं ने अपनी राय हाइकमान को दे दी है। रविवार को कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के साथ दो दौर की बैठकें हुईं, जिसके बाद अब हाइकमान सबसे पहले जिलाध्यक्षों की सूची जारी करने वाली है, वहीं माना यह भी जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी यानी पीसीसी की सूची भी आ जाएगी। ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां कांगे्रस बाद में कर सकती है। 28 तारीख को दिल्ली में पहले जिलाध्यक्षों के साथ बैठक होनी है, लिहाजा एक-दो दिन में यह सूची जारी हो जाएगी। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री और कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पहले रजनी पाटिल के साथ अलग-अलग बैठकें कीं, जिसके बाद तीनों नेताओं की एक साथ बैठक भी ली गई और इसमें कई मामले सुलझा लिए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में जिला अध्यक्ष व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के नामों की अंतिम सूची पर चर्चा हो चुकी है और इस सूची को हाइकमान को भेज दिया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की मंजूरी के बाद 25 मार्च तक इसे जारी कर दिया जाएगा, जिसकी प्रबल संभावनाएं दिख रही हैं। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट, रजनी पाटिल की बैठक में फीडबैक व मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री अैार प्रदेश अध्यक्ष की ओर से सुझाए गए नामों के आधार पर यह सूची तैयार की गई है। हाइकमान मिशन-2027 व इस साल दिसंबर महीने में होने वाले पंचायतों चुनाव के मद्देनजर नियुक्ति करेगा। बैठकों के इस दौर के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री सोमवार को शिमला लौट आएंगे, लेकिन प्रतिभा सिंह दो-तीन दिन बाद लौटेंगी। अगले महीने रजनी पाटिल भी शिमला आएंगी। इसके साथ उनका प्रदेश स्तरीय दौरा भी होगा, ताकि कार्यकर्ताओं में जोश भरा जा सके। तब तक यहां विधानसभा से सीएम भी फ्री हो जाएंगे और तब संगठन की मजबूती पर काम तेज होगा।
जिन्हें सरकार में स्थान नहीं, वे संगठन में शामिल होंगे
लंबे समय से संगठन के लिए कार्य कर रहे पदाधिकारी व कार्यकर्ता, जिन्हें सरकार में कोई स्थान नहीं मिला है, उन्हें संगठन में शामिल किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने हाइकमान के समक्ष इसकी जोर-शोर से पैरवी की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी समेत जिलाध्यक्षों की सूची में इस बार नए चेहरों को भी अच्छा मौका मिलने वाला है। मुख्यमंत्री भी चाहते हैं कि युवाओं को जिलों में मौका मिलना चाहिए। कार्यकर्ताओं को पद देने से उनका मान सम्मान बढ़ेगा, जिससे संगठन मजबूत होगा। वरिष्ठ लोगों को भी तरजीह मिलेगी, लेकिन संगठन के कामकाज को चलाने के लिए कई बड़े बदलाव इस बार कांग्रेस की कार्यकारिणी में देखने को मिल सकते हैं। जिस तरह से कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में टिकटों के आबंटन में कई नए चेहरों को सामने लाया और जो जीतकर भी आए, इसी तरह अब संगठन में भी ऐसे लोगों को आगे लाने की पैरवी सीएम ने की है।
हिमाचल में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे का विस्तार
प्रदेश में कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा बदलने की प्रक्रिया भी चली हुई है। इसको लेकर भी तीनों सदस्यों की राय पूछी गई है। कुछ इसके पक्ष में हैं, तो कुछ इसके खिलाफ हैं। शिमला में हुई बैठक में भी रजनी पाटिल ने पदाधिकारियों से इसको लेकर उनकी राय जानी थी। नई व्यवस्था के तहत 17 संगठनात्मक जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की संख्या 140 करने की तैयारी है। मौजूदा समय में 13 जिला कार्यकारिणी हैं। इसमें 12 जिला व शिमला शहर की अलग कार्यकारिणी है। प्रदेश में 73 ब्लॉक हंै। जिलाध्यक्षों की सूची में साफ होगा कि संगठनात्मक ढांचा किस तरह से बदलेगा।
बोर्ड-निगमों में ताजपोशी
सूत्रों की मानें तो कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के साथ हुई बैठक में सरकार में नई ताजपोशियों के मुद्दे पर भी चर्चा हुई है। पिछले दिनों सरकार ने एक दो नई नियुक्तियां की हैं, लेकिन अभी भी कई लोग कतार में हैं। उनको लेकर भी वहां पैरवी की गई है जिसके बाद अब देखना होगा कि और कौन लोग सरकार में शामिल होते हैं। इसे लेकर पहले से काफी ज्यादा दवाब चल रहा है। अभी मंत्रिमंडल में भी एक पद खाली पड़ा हुआ है।
पहले जिलाध्यक्ष, फिर बनेगी खंड स्तर की कार्यकारिणी
हाइकमान पीसीसी में सदस्य व जिला अध्यक्षों की नियुक्ति करेगा। जिला कार्यकारिणी का विस्तार बाद में होगा। खंड स्तर की कार्यकारिणी भी बाद में बनेगी। जो जिला अध्यक्ष बनेंगे, वे 27-28 मार्च को होने वाली राष्ट्रीय स्तर की बैठक में भाग लेने जाएंगे। इसके बाद अहमदाबाद में राष्ट्रीय अधिवेशन चार अप्रैल को रखा गया है, जिसमें भी प्रदेश से जिलाध्यक्षों को बुलाया जाएगा। यह भी बताया जा रहा है कि अहमदाबाद के अधिवेशन में प्रदेश से बड़े नेता भी जाएंगे। सीएम, डिप्टी सीएम व कांग्रेस अध्यक्ष भी इस अधिवेशन में शामिल हो सकते हैं जहां पर कांग्रेस को ग्रास रूट पर मजबूत करने की रणनीति बनेगी।
