Spread the love

शिमला | संजौली मस्जिद में अवैध घोषित की गई तीसरी मंजिल को भी गिराने का काम शुरू हो गया है। वक्फ बोर्ड और संजौली मस्जिद कमेटी के सहयोग से वीरवार को अतिक्रमण गिराने का काम एक बार फिर शुरू किया गया। वहीं निचली दो मंजिलों पर फिलहाल प्रदेश उच्च न्यायालय ने स्टे लगाया है। नगर निगम कोर्ट से तीन मंजिलों को गिराने के आदेश आने के बाद मुस्लिम पक्ष ने इसे खुद गिराने की बात कही थी। इसके बाद धीमी गति से ऊपर की दो मंजिलों को गिराने का काम शुरू किया गया लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया था। अब प्रदेश वक्फ बोर्ड से बजट मंजूर होने के बाद तीसरी मंजिल गिराने का काम किया जा रहा है।

प्रदेश वक्फ बोर्ड के स्टेट ऑफिसर केडी मान ने बताया कि एक महीने के भीतर इस काम को पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बजट की कमी के कारण यह काम रुका हुआ था। इससे पहले नगर निगम शिमला और जिला अदालत की ओर से पूरे भवन को अवैध घोषित किया जा चुका है। इसके बाद 21 नवंबर को मस्जिद का बिजली-पानी का कनेक्शन काटने और नमाज समेत अन्य गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए देवभूमि संघर्ष समिति ने आमरण और क्रमिक अनशन शुरू किया। इसके बाद भी जब प्रशासन और सरकार की ओर से उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई तो 21 सितंबर को लोगों ने बड़ी संख्या में संजौली में एकत्रित होकर जमकर नारेबाजी की।

प्रशासन ने मध्यस्थता की और कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन इसी बीच मुस्लिम पक्ष ने प्रदेश उच्च न्यायालय ने मामले को लेकर याचिका दाखिल कर दी। प्रदेश उच्च न्यायालय ने मस्जिद की निचली दो मंजिलों पर गिराने के आदेशों पर स्टे लगा दिया था। संजौजी मस्जिद विवाद पिछले दो वर्षों से प्रदेश के साथ ही देशभर में सुर्खियों में रहा है। देवभूमि संघर्ष समिति समेत विभिन्न हिंदू संगठनों ने एक साल पहले संजौली में उग्र प्रदर्शन किया था। इसमें पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज तक करना पड़ा था।

By admin

Leave a Reply