Times Himachal : तकनीक पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता कभी-कभी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसा ही मामला सोमवार को हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में देखने को मिला, जहां गूगल मैप के निर्देशों का अनुसरण करते हुए सामान से लदा एक ट्रक स्वां नदी के किनारे बने संकरे रास्ते पर फंस गया। स्थिति ऐसी बन गई कि ट्रक के नदी में पलटने का खतरा पैदा हो गया। जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक अंब से गगरेट की ओर जा रहा था। रास्ता तलाशने के लिए वह गूगल मैप्स का इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान वह पुराने अंब रोड से होते हुए स्वां नदी के किनारे बने वैकल्पिक मार्ग पर पहुंच गया।
ट्रक को सुरक्षित बाहर निकालना आसान नहीं था। इसके लिए मौके पर हाइड्रा मशीन बुलानी पड़ी। मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान वैकल्पिक मार्ग से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रक को निकालने की प्रक्रिया के चलते सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और लोगों को इंतजार करना पड़ा।
कोई जानी नुकसान नहीं, यातायात बहाल
राहत की बात यह रही कि इस घटनाक्रम में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। ट्रक को सुरक्षित हटाने के बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था भी बहाल कर दी गई। डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि ट्रक को हटाकर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करवा दिया गया है।
यह घटना एक बार फिर बताती है कि गूगल मैप या किसी अन्य नेविगेशन ऐप के निर्देशों का पालन करते समय सड़क की वास्तविक स्थिति, चौड़ाई और वाहन की क्षमता का ध्यान रखना भी जरूरी है। खासकर भारी वाहन चालकों को अनजान और संकरे रास्तों पर जाने से पहले स्थानीय लोगों से जानकारी लेनी चाहिए।




