Times Himachal : हिमाचल प्रदेश में टैक्सी और मैक्सी कैब संचालकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश में स्थानीय परमिट पर चलने वाली टैक्सी और मैक्सी कैब की आयु सीमा 12 साल से बढ़ाकर 15 साल करने की उम्मीद जगी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने स्पष्ट किया है कि स्थानीय परमिट वाले वाहनों के नियम बनाने और उनमें संशोधन करने का अधिकार राज्य सरकार के पास है। इस स्पष्टीकरण के बाद हिमाचल सरकार के लिए स्थानीय कॉन्ट्रैक्ट कैरिज वाहनों की आयु सीमा बढ़ाने का रास्ता खुल गया है। इससे हजारों टैक्सी ऑपरेटरों को पुराने वाहन बदलने पर होने वाले लाखों रुपये के खर्च से राहत मिल सकती है।
एआईटीपी वाहनों की उम्र बढ़ी, लेकिन स्थानीय टैक्सियों पर रही 12 साल की सीमा
दरअसल, केंद्र सरकार ने ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट (AITP) वाले वाहनों की आयु सीमा एक अप्रैल 2026 से 12 साल से बढ़ाकर 15 साल कर दी थी। इसके बाद हिमाचल में स्थानीय कॉन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट पर चलने वाली टैक्सी और मैक्सी कैब संचालकों ने भी समान राहत की मांग उठाई। स्थानीय वाहनों पर 12 साल की आयु सीमा लागू रहने के कारण टैक्सी ऑपरेटरों को पुराने वाहन हटाने या परमिट व्यवस्था बदलने का दबाव झेलना पड़ रहा था। इससे प्रदेश के हजारों वाहन संचालकों के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई थी।
विधानसभा में उठा था मामला, अंतरिम राहत भी मिली
अगस्त 2026 में हिमाचल विधानसभा में भी यह मामला उठा था। उस समय उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया था कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 59 के तहत वाहनों की आयु सीमा निर्धारित करने का अधिकार केंद्र सरकार के पास है। हालांकि, प्रदेश सरकार ने अंतरिम राहत देते हुए 12 से 15 साल की आयु वाले वाहनों के चालान नहीं काटने के निर्देश दिए थे। अब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के पत्र से स्थानीय परमिट वाले वाहनों के संबंध में कानूनी स्थिति स्पष्ट हुई है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के स्थानीय टैक्सी और मैक्सी कैब संचालकों के हितों को देखते हुए यह मामला केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया गया है। उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार विधि विभाग की राय लेकर नियमों में जरूरी संशोधन की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी, ताकि संचालकों को स्थायी राहत मिल सके। उन्होंने जल्द ही इस संबंध में अधिसूचना जारी किए जाने की बात भी कही है।




