Times Himachal : बिलासपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने अब आदतन नशा तस्करों के खिलाफ अपना शिकंजा और अधिक कस दिया है। इसी कड़ी में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पुलिस ने डियारा सैक्टर के एक सक्रिय नशा तस्कर पर पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है और उसे गिरफ्तार कर जबली स्थित मुक्त कारागार भेज दिया है। आरोपी की पहचान अमित किशोर निवासी वार्ड नंबर-8, डियारा सैक्टर, तहसील सदर व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं तीन मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी अमित किशोर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से ही तीन मामले दर्ज हैं। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों और नशा तस्करी में सक्रिय भूमिका को देखते हुए पुलिस द्वारा उसके खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट की धारा 3(1) के तहत यह कड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। सक्षम प्राधिकारी की ओर से जेल भेजने का आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे जबली स्थित मुक्त कारागार में दाखिल करवा दिया।
नशे के नैटवर्क को तोड़ना और युवाओं को बचाना मुख्य उद्देश्य
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य ऐसे आदतन अपराधियों को नशे के अवैध कारोबार से दूर रखना है, जो बार-बार इस गैर-कानूनी गतिविधि में संलिप्त पाए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन का मानना है कि ऐसे सक्रिय तस्करों पर प्रभावी कार्रवाई करने से न केवल नशा तस्करी के स्थानीय नेटवर्क को कमजोर करने में मदद मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को भी नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सकेगा।
भविष्य में भी जारी रहेगी जीरो टॉलरैंस की नीति : एसपी
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। जिला बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति के तहत विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के अवैध कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




