Spread the love

नाहन-30 मार्च: नवरात्र उत्सव की अष्टमी के दिन प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री रेणुका जी के परिक्रमा मार्ग पर देर शाम सहस्त्रधारा दुधिया पानी वाले स्थान पर मंदिर में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से मां श्री रेणुका जी की मूर्ति को भी काफी नुकसान पहुंचा है। आग लगने से मूर्ति काली पड़ गई है। बता दें कि यहां मां श्री रेणुका जी के इस मंदिर में माता श्री रेणुका जी की प्रतिमा भगवान परशुराम जी को दूध पिलाते हुए है। ऐसी आशंका जाहिर की जा रही है कि किसी श्रद्धालु ने दीया आदि जलाया होगा, जिससे मां की चुनरी ने आग पकड़ ली।भक्तों को जैसे ही इस बात की जानकारी मिली, तो तुरंत गीले कपड़े से मूर्ति को साफ किया गया। साथ ही आस-पास झाड़ू लगाकर जले अवशेष हटा दिए गए।
इस स्थान को लेकर मान्यता है कि श्री रेणुका जी तीर्थ का सहस्त्रधारा पवित्र स्थान है, जहां पर जलधारा लगातार बहती रहती है। इस स्थान को मां का दूध भी कहा जाता है। बताते है कि मां रेणुका जी ने भगवान परशुराम को यहां दूध पिलाया था। इस दूध रूपी जल को बहुत ही अमृत माना जाता है। संपूर्ण रेणुका झील का एकमात्र चश्मा जो झील से बाहर है, झील में जल भरता है। मां रेणुका रूपी मानवाकार झील का यह स्थान मां के वक्षस्थल के रूप में माना जाता है, जिसमें लगातार अमृत जलधारा बहती है। ऐसा माना जाता है कि यह पवित्र जल रोगों व पापों को मिटाने वाला है।

By admin

Leave a Reply