Spread the love

शिमला| सूबे में डॉक्टर आज से पेन डाउन स्ट्राइक पर रहेंगे। सुबह 9.30 से 11 बजे तक कोई भी डॉक्टर OPD में ड्यूटी नहीं देंगे। हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन ने नॉन प्रैक्टिस अलाउंस (NPA) बहाल नहीं होने तक स्ट्राइक जारी रखने का निर्णय लिया है। 11 बजे के बाद सभी डॉक्टर काले बिल्ले लगाकर NPA बंद करने का विरोध जताएंगे।सुबह डेढ़ घंटे तक डॉक्टरों के OPD में नहीं बैठने से अस्पतालों मरीजों को परेशानियों से जूझना पड़ेगा। हालांकि डॉक्टर एसोसिएशन ने ऐलान किया है कि इमरजेंसी सेवाओं को बाधित नहीं होने दिया जाएगा और न ही ऑपरेशन थिएटर की सेवाएं बाधित होगी। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि NPA को जल्द बहाल नहीं किया जाता तो आगामी दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

गौरतलब है कि आर्थिक संकट से जूझ रही सुक्खू सरकार ने स्वास्थ्य मेडिकल एजुकेशन, डेंटल और पशुपालन विभाग में भविष्य में तैनात होने वाले डॉक्टरों का NPA बंद करने का निर्णय लिया है। सरकार के इस निर्णय पर डॉक्टर भड़क गए हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल भी डॉक्टरों के साथ मीटिंग कर चुके हैं, लेकिन बैठक बेनतीजा रही। इसमें कोई समाधान नहीं निकाला जा सका। जाहिर है कि आगामी दिनों में डॉक्टर और सरकार के बीच टकराव बढ़ने वाला है।

NPA बंद करना नहीं न्यायसंगत: डॉ. राल
मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन के प्रेस सचिव डॉ. विजय राल ने बताया कि NPA बंद करना न्यायसंगत नहीं है। इससे डॉक्टर हतोत्साहित होंगे। उन्होंने बताया कि आज से डॉक्टर डेढ़ घंटे के पेन डाउन स्ट्राइक शुरू करने जा रहे हैं। फिर भी NPA बहाल नहीं किया तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। उन्होंने बताया कि NPA के साथ साथ एसोसिएशन ने सभी मेडिकल कॉलेज में लगाए गए HAS अधिकारियों को हटाने की मांग की है। इनकी जगह सीनियर डॉक्टर लगाए जाने चाहिए।डॉक्टरों को बेसिक सैलरी का 20 फीसदी NPA मिलता है। इसका मकसद डॉक्टरों को चिकित्सीय सेवाओं के लिए प्रोत्साहित करना है। यह भारत सरकार की सिफारिश पर सभी राज्यों में दिया जाता है, लेकिन सुक्खू सरकार ने माली वित्तीय हालत को देखते हुए इसे बंद करने का निर्णय लिया है।

By admin

Leave a Reply