Spread the love

शिमला/कुल्लू| सूबे में ऑरेंज अलर्ट के बीच बीती रात कुंजम दर्रा और रोहतांग की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात और अन्य क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने प्रदेश में 4 जून तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। इससे अधिक ऊंचे क्षेत्रों में फिर से ठंड लौट आई है। मध्यम ऊंचे क्षेत्रों में भी ठंड का एहसास होने लगा है।बीते 24 घंटे के दौरान शिमला का न्यूनतम तापमान नॉर्मल से 5.6 डिग्री नीचे गिर गया और 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले साल 2009 में 30 मई को शिमला का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। इस तरह शिमला में साल 2009 के बाद मई का आखिरी सप्ताह इतना ठंडा कभी नहीं रहा।

प्रदेश के अन्य शहरों में भी 3 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। नाहन के न्यूनतम तापमान में सबसे ज्यादा 6.5 डिग्री की कमी आई है। नाहन का पारा गिरकर 16.5 डिग्री रह गया। धर्मशाला के तापमान नॉर्मल से 6.1 डिग्री की कमी के बाद 14.4 डिग्री, पालमपुर का पारा नॉर्मल से 5.6 डिग्री की कमी के बाद 13.5 डिग्री तक कम हुआ है।वहीं शिमला के जुब्बड़हट्‌टी में सबसे ज्यादा 42.4 मिलीमीटर, मंडी में 36.4 मिलीमीटर, नाहन में 39.8 मिलीमीटर और सोलन 34.2 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। आज भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है।मौसम विभाग की माने तो अभी एक सप्ताह तक बारिश से राहत मिलने वाली नहीं है। आज भी शिमला, मंडी, चंबा, सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, कांगड़ा व कुल्लू के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। कुछेक स्थानों पर ओलावृष्टि और 30 से 40 किलोमीटर रफ्तार के साथ आंधी-तूफान की भी चेतावनी दी गई।

मौसम विभाग की माने तो प्रदेश में 22 से 28 मई तक नॉर्मल से 211 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। इस अवधि में प्रदेश में औसत 13.2 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार 41 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे पहाड़ों पर ठंड लौट आई है। बीती रात हुई बारिश को जोड़ने के बाद यह और ज्यादा हो जाएगी।देश के मैदानी इलाकों में पड़ रही गर्मी से बचने से लिए पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। ज्यादातर टूरिस्ट गर्मियों के कपड़ों के साथ प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं। इससे उन्हें सुबह-शाम ठंड से जूझना पड़ रहा है, क्योंकि पहाड़ों पर ठंडक लौट आई है। ऐसे में पर्यटकों को हल्के गर्म कपड़ों के साथ पर्यटन स्थलों का रुख करना होगा।

By admin

Leave a Reply