मोहाली | पंजाब के मोहाली के खरड़ में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस पर हमला हुआ है। घटना मंगलवार देर शाम लगभग साढ़े छह बजे की है। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर डिपो की बस (एचपी 67 ए-1321) पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर तोड़फोड़ कर दी। इस घटना से बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। बस चंडीगढ़ से हिमाचल के हमीरपुर जा रही थी। रोडवेज की बस चंडीगढ़ के सेक्टर-43 स्थित आईएसबीटी से चली थी। बस ने अभी लगभग 10 किमी. का सफर भी तय नहीं किया था कि खरड़ के पास अज्ञात बदमाशों ने बस पर हमला कर दिया।
खरड़ के पास कार सवार होकर आए दो हमलावरों ने बस पर डंडों से हमला कर दिया। हालांकि बस के चालक, परिचालक और यात्रियों ने किसी तरह खुद को बचाया। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा है। इस घटना के बाद बस यात्री सहम गए। बस के शीशे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। हमलावरों ने बस पर ताबड़तोड़ लाठियों से हमला कर शीशे तोड़ दिए। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
