शिमला । हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने शिमला के चर्चित युग हत्याकांड मामले में सात साल बाद बड़ा फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट की डबल बेंच ने हैंडराइटिंग विशेषज्ञ की विरोधाभासी रिपोर्ट और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए दो दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया है जबकि एक को बरी कर दिया। बता दें कि 5 सितंबर 2018 को तीनों को फांसी की सजा सुनाई गई थी, इसके बाद मामला पुष्टिकरण के लिए हिमाचल हाईकोर्ट भेजा गया था। मंगलवार को हिमाचल हाईकोर्ट के न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर और न्यायाधीश राकेश कैंथला की खंडपीठ ने दोषी चंद्र शर्मा और विक्रांत बख्शी की मौत की सजा को उम्र कैद में तब्दील कर दिया। यह उम्रकैद उनके प्राकृतिक जीवन के अंतिम सांस तक रहेगी। खंडपीठ ने सबूत के अभाव में तीसरे दोषी तेजिंद्र पॉल को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया है। फैसला 235 पन्नों पर आया है। दोषियों में दो युग के पड़ोसी हैं।
हाईकोर्ट ने पाया कि विक्रांत बक्शी और चंद्र शर्मा के खिलाफ कठोर सबूत मिले हैं। विक्रांत के मोबाइल में युग की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्डिंग मिली, जिसमें वह आखिरी बार जीवित देखा गया था। यह रिकॉर्डिंग उस घर की थी, जिसे चंद्र शर्मा और विक्रांत बख्शी ने किराये पर लिया था। अपहरण के दो साल बाद युग का कंकाल शिमला के भराड़ी स्थित क्लस्टन के पानी के टैंक से बरामद हुआ, जिसे चंद्र शर्मा और विक्रांत बख्शी ने ही पुलिस को दिखाया था। तस्वीरें और वीडियो में जीवित देखे जाने के बाद युग का क्या हुआ, इसके बारे में कुछ भी नहीं बताया गया है। इसके आधार पर इन दोनों को उम्र कैद की सजा सुनाई गई है।
