मंडी । पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1500 करोड़ की ग्रांट प्रदेश सरकार चलने के लिए नहीं, बल्कि आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए जारी की है। लेकिन शर्म की बात है कि प्रदेश कांग्रेस सरकार इतने बड़े राहत पैकेज जारी करने के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद तक नहीं कर पाई है। जयराम ठाकुर मंगलवार को नाचन क्षेत्र के जिला स्तरीय नलवाड़ मेला ख्योड़ में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि तीन साल का कार्यकाल बीत जाने के बाद भी प्रदेश के विकास पर विराम है।प्राकृतिक आपदा से ग्रस्त सैकड़ों परिवारों के स्थायी पुनर्वास के बारे में सरकार जरा भी गंभीर नहीं है। इस मौके पर विधायक विनोद कुमार, अजय राणा, मुकेश चंदेल आद भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
