शिमला । हिमाचल प्रदेश में सीमेंट उपभोक्ताओं को महज एक दिन की राहत के बाद फिर महंगाई का झटका लगा है। राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने कतिपय माल के वहन पर कर (सीजीसीआर) में संशोधन करते हुए सीमेंट पर लगने वाला कर 11 से 16 रुपये प्रति बैग कर दिया है। नई दरें सोमवार रात 12 बजे से पूरे प्रदेश में लागू हो गई हैं।
सीमेंट की कीमतें बढ़ने से सरकारी और निजी दोनों तरह के निर्माण कार्यों की लागत बढ़ेगी। विभाग के सचिव की ओर से जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि मंत्रिमंडल की 15 सितंबर की बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर यह संशोधन किया गया है। सरकार का तर्क है कि राज्य के राजस्व में वृद्धि और वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए यह कदम आवश्यक है।
