धर्मशाला । केसीसी बैंक के ओटीएस प्रकरण जांच की आंच में कई चेहरे फंस सकते हैं। ईडी ने बैंक प्रबंधन को नोटिस भेज कर करीब 15 प्वाइंट पर रिपोर्ट मांगी है, जिस पर बैंक प्रबंधन ने पूरी तैयारी के बाद तीन अधिकारियों को शिमला भेज दिया है। 26 सिंतबर को परिवर्तन निदेशालय के समक्ष ये अधिकारी सारे रिकार्ड रखेंगे। बताया जा रहा है कि परतें खुलने शुरू हुईं, तो पिछले कई सालों के खुलासे हो सकते हैं। ईडी बैंक प्रबंधन द्वारा दी जाने वाली रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद ही अगली कार्रवाई करेगी। जानकारों की मानें, तो इस हाई प्रोफाइल मामले की जांच की गाज कई लोगों पर गिर सकती है। इसमें बैंक अधिकारियों के अलावा निदेशक मंडल के भी कई सदस्य भी लपेटे में आ सकते हैं।
ईडी ने बैंक प्रबंधन को नोटिस जारी कर 26 सितंबर तक सभी संबंधित रिकार्ड प्रस्तुत करने को कहा है। बैंक अधिकारियों का दावा है कि निदेशालय ने 45 करोड़ रुपए के ऋण की ओटीएस का रिकार्ड मांगा है, लेकिन होटल से संबंधित 45 करोड़ रुपए के कुल ऋण में से करीब 24 करोड़ की माफी ने बैंक की वित्तीय स्थिति को बड़ा झटका दिया है। इससे पहले नाबार्ड और भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों का उल्लंघन करने के चलते बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को निलंबित कर दिया था। प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने कहा कि तय समय में दस्तावेज ईडी को उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।
खाताधारकों की जमा पंूजी पर कोई असर नहीं
केसीसी बैंक के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने बताया कि ओटीएस को लेकर ईडी ने रिकार्ड मांगा है, जांच जारी है, लेकिन इससे खाताधारकों की जमा पूंजी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया कि आरबीआई नियमोंंं के अनुसार ही बैंक चलता है। इसलिए आरबीआई और नाबार्ड अपने पास उतनी सिक्योरिटी पहले ही रख लेता है। इसलिए खाताधारकों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, सभी खाताधारकों की जमापूंजी सुरक्षित हैं और बैंक आने वाले समय में अपने ग्राहकों को और बेहतर सुविधाएं देगा।
