शिमला | पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार बदले की भावना से कम कर रही है। अफसर भी राजनीति कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू जिस राह पर चल रहे हैं, वह न काम अच्छा और न उसका अंजाम अच्छा होगा। उन्होंने भाजपा विधायकों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए अफसरों को सीमाएं ना लांघने की चेतावनी भी दी। कांगड़ा कार्निवल के लिए पैसा देने को लेकर वायरल पत्र पर भी जयराम ठाकुर ने सवाल उठाए।
कहा कि मुख्यमंत्री उनका साथ छोड़ चुके कांग्रेस और निर्दलीय विधायकों को सत्ता के दम पर प्रताड़ित कर रहे हैं। हमीरपुर के विधायक के खिलाफ खनन का मामला पुलिस पार्टी बनकर दर्ज करवाती है जबकि माइनिंग विभाग इसकी कोई भी शिकायत तक नहीं करता। नालागढ़ में केएल ठाकुर और उनके परिवार के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से एक के बाद एक मामले लादने की कोशिश हुई। राजेंद्र राणा और उनके परिवार के खिलाफ लोगों को खोज-खोज कर फर्जी मुकदमे दर्ज करवाए जा रहे हैं। इंद्र दत्त लखनपाल के खिलाफ मुख्यमंत्री हर दिन साजिश कर रहे हैं। कांग्रेस में पहले मंत्री रहे सुधीर शर्मा को फंसाने के लिए मुख्यमंत्री ने सारी सीमाएं लांघ दी है।
