Spread the love

हिमाचल में विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में संगठन से विरोधियों को दरकिनार करने की कार्रवाई का बीड़ा भाजपा प्रत्याशी पवन काजल ने उठाया है। पवन काजल ने चुनावों के दौरान सीएम के सबसे करीबी मनीष शर्मा, पूर्व विधायक संजय चौधरी और मौजूदा जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़ की कांग्रेस प्रत्याशी व निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में कार्य करने की शिकायत जेपी नड्डा से की है।पवन काजल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा को भेजे शिकायती पत्र में साफ कहा है कि 5 वर्ष तक बीजेपी शासन में कांग्रेस के पृष्ठभूमि वाले मनीष शर्मा ने कांगड़ा में मुख्यमंत्री से नजदीकी होने के चलते भाजपा कार्यकर्ताओं को साइड में कर कमाई की। उन्होंने चुनाव में कांग्रेस के एक डमी प्रत्याशी की आर्थिक सहायता के साथ पंचायत प्रधानों को भी उनके पक्ष में मतदान कराने पर कथित तौर पर 20 लाख का प्रलोभन दिया। साथ ही बीजेपी से एक बागी उम्मीदवार को आर्थिक सहायता देकर चुनाव में जनता को उसके पक्ष में मतदान के लिए भी प्रेरित किया। इस सब के सबूत काजल ने अपने पास होने का दावा किया है। काजल ने शिकायत पत्र में कहा कि मौजूदा जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़ जो कि शराब का ठेकेदार है। उसने भी बीजेपी प्रत्याशी को हराने के लिए निर्दलीय की मदद की। पत्र में कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व में बहुजन समाज पार्टी के विधायक रहे संजय चौधरी जो लगातार दो बार BJP के टिकट पर चुनाव हारे हैं उन पर भी विधानसभा चुनाव में BJP उम्मीदवार को हराने के लिए अपने समर्थकों से बूथ स्तर पर प्रचार कराने के सबूत काजल ने अपने पास होने का दावा जताया है। काजल ने पार्टी हाईकमान से इन तीनों नेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। सोशल मीडिया पर काजल के राजनीतिक विरोधियों द्वारा इस शिकायती पत्र को वायरल करने से विधानसभा चुनाव में काली भेड़ों का रोल अदा करने वाले बीजेपी नेताओं की सिट्टी पिट्टी गुल होने लगी है।

By admin

Leave a Reply