सोलन : स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की संसद से सदस्यता समाप्त करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना है कि पार्टी अदालत के फैसले का सम्मान करती है, लेकिन राहुल गांधी की लोकप्रियता से घबरा कर उनकी सदस्यता आनन-फानन और द्वेष भावना से समाप्त की गई है, जबकि ऐसे मामलों में राष्ट्रपति से इसकी मंजूरी लेना अनिवार्य होता है।
शुक्रवार को सोलन में आयोजित प्रैस वार्ता के दौरान प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल शांडिल ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को किसी के बारे में भी सवाल पूछने का पूरा अधिकार है, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने इस अधिकार का पूरी तरह से उल्लंघन किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपने भाषणों के दौरान जो सवाल उठाए, वह किसी व्यक्ति विशेष या फिर किसी समुदाय के खिलाफ नहीं थे। वहीं, उन्होंने अदानी के संबंध में यह जानना चाहा कि 20 हजार करोड़ का धन कहां से आया और मोदी के अदानी के साथ क्या संबंध हैं और उनके साथ इतने घनिष्ठ संबंध कैसे बने। राहुल गांधी को इस बात का कोई जवाब नहीं दिया गया और न ही उन्हें लोकसभा में बोलने का मौका दिया गया। इसके विपरीत मानहानि के एक मामले में उनकी संसद की सदस्यता को 24 घंटे के भीतर समाप्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक भाषणों में अकसर कुछ ऐसी बातें कह दी जाती हैं, जो असामान्य होती हैं, लेकिन इसका यह मतलब कतई नहीं होता कि एक चुने हुए सांसद की सदस्यता ही रद्द कर दी जाए।
कर्नल शांडिल ने उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ने उच्च शिक्षित राहुल गांधी को पप्पू का उपनाम दिया, लेकिन राहुल गांधी ने कभी भी इसका विरोध नहीं जताया। राहुल गांधी चाहते तो वह भी मानहानि का मुकदमा ठोक सकते थे, लेकिन उन्होंने बेहद संयम बरता। पीएम ने भी अपने भाषण में एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री को शूर्पनखा कहा था और यह शब्द भी मानहानि के दायरे में आते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने देश के लिए अनेक कुर्बानियां दी हैं और देश उन्हें कभी भूल नहीं सकता। आजादी के समय देश गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा था तब जवाहर लाल नेहरू ने देश को संभाला और भारत को तरक्की के मार्ग पर आगे बढ़ाया। यहां तक कि भारत को एटमी ताकत बनाया। वर्तमान में जो भी योजनाएं जनहित में संचालित की जा रही हैं, वह सभी कांग्रेस की देन हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल और किसान आंदोलन देश की जनता को अच्छे से याद है। कृषि कानूनों को वापस करने की मांग को लेकर 700 से अधिक किसानों से अपनी जान गंवा दी और कोरोना काल में लोग भूखे पेट और नंगे पांव कैसे पहुंचे थे अपने गांव, यह कभी नहीं भुला पाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बोलने की आजादी भी छीन ली है, लेकिन देशवासी इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव कुमार, जोगिंद्रा बैंक के चेयरमैन मुकेश शर्मा मिक्की, मंडल अध्यक्ष संजीव ठाकुर सहित अन्य नेता भी मौजूद थे।
