Times Himachal : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के मालरोड पर आवारा कुत्तों के बढ़ते जमावड़े और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए नगर निगम ने बड़ा फैसला लिया है। अब मालरोड पर आवारा कुत्तों को खाना खिलाने पर 5 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जाएगा। नगर निगम ने सीटीओ चौक से इंदिरा गांधी खेल परिसर तक के क्षेत्र को नो-फीडिंग जोन घोषित करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था पहली दिसम्बर से लागू होगी। नगर निगम के इस फैसले के बाद मालरोड पर कुत्तों को भोजन कराने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। निगम के अनुसार मालरोड पर कई होटल और रेस्तरां संचालक तथा डॉग लवर नियमित रूप से आवारा कुत्तों को खाना खिलाते हैं। इसके चलते यहां कुत्तों के झुंड जमा हो रहे हैं। इससे मालरोड पर घूमने वाले स्थानीय लोगों, राहगीरों और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
नाज चौक से स्कैंडल प्वाइंट तक मडराते रहते हैं कुत्तों के झुंड
मालरोड के नाज चौक, रोटरी टाऊनहॉल, स्कैंडल प्वाइंटऔर सीटीओ चौक के आसपास अक्सर आवारा कुत्तों के झुंड दिखाई देते हैं। कई बार ये कुत्ते राहगीरों और पर्यटकों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं। शहर में हर महीने 150 से अधिक लोग कुत्तों के काटने के बाद अस्पताल पहुंच रहे हैं। वहीं, राजधानी में आवारा कुत्तों की संख्या 3 हजार से अधिक बताई जा रही है।
पहले जागरूकता, फिर कटेगा चालान
नगर निगम पहले लोगों और कारोबारियों को इस व्यवस्था के बारे में जागरूक करेगा। इसके बाद पहली दिसम्बर से नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई शुरू होगी। निगम की योजना शहर के अन्य क्षेत्रों में भी फीडिंग जोन और नो-फीडिंग जोन निर्धारित करने की है, ताकि पशु प्रेमियों को कुत्तों को खाना खिलाने के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध करवाए जा सकें। नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। निगम का उद्देश्य कुत्तों को भोजन देने पर पूरी तरह रोक लगाना नहीं, बल्कि इसके लिए उचित स्थान निर्धारित करना है, ताकि मालरोड पर कुत्तों के झुंड एकत्रित न हों और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
