Times Himachal : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक धीमान की निजी गाड़ी के यातायात नियमों के उल्लंघन पर चार चालान जारी किए गए और उन्होंने सभी का जुर्माना भर दिया है।
अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि एकीकृत यातायात प्रबंधन प्रणाली (आईटीएमएस) के माध्यम से बिलासपुर और हमीरपुर में अलग-अलग स्थानों पर एसपी की निजी गाड़ी के चार चालान किए गए। उन्होंने बुधवार को कहा कि आम वाहन चालकों के यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना वसूलने की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी द्वारा स्वयं नियमों का पालन करना सराहनीय है। इससे यह संदेश जाता है कि अधिकारियों को अपने पद का अनुचित लाभ उठाने के बजाय अन्य नागरिकों की तरह नियमों का पालन करना चाहिए।
अधिकारियों के अनुसार, बिलासपुर जिले में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर नजर रखने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में चार लेन वाली सड़कों पर विभिन्न स्थानों पर लगाए गए आईटीएमएस कैमरों के जरिए वाहनों की गति पर नजर रखी जाती है। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने या यातायात के अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर कैमरे वाहन की पहचान कर स्वत: ऑनलाइन चालान जारी कर देते हैं।
