Times Himachal : घर से रोजी-रोटी कमाने और परिवार का सहारा बनने की उम्मीद लेकर निकले इंसान के साथ कब क्या अनहोनी हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। जिला हमीरपुर के सदर थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही बेहद दुखद और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिज्जा आऊटलेट में डिलीवरी बॉय का काम करने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। काम के दौरान अचानक हुई इस घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है और युवक के असमय चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार देर शाम की है। पिज्जा आऊटलेट में डिलीवरी का काम करने वाला युवक अचानक दुकान के परिसर में ही अचेत अवस्था में पड़ा मिला। जब वहां काम कर रहे अन्य सहकर्मियों की नजर अपने बेसुध पड़े साथी पर पड़ी, तो उनके होश उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों ने बिना देरी किए तुरंत दुकान संचालक को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई। मृतक युवक की पहचान जितेंद्र कुमार निवासी लगदेवी, तहसील टौणी देवी के रूप में हुई है।
अचेत मिलने के बाद युवक को तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। अपने ही कार्यस्थल पर एक नौजवान की इस तरह अचानक मौत होने से सहकर्मी भी गहरे सदमे में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और वीरवार सुबह पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
एएसपी हमीरपुर राजेश उपाध्याय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से छानबीन कर रही है कि युवक दुकान परिसर में अचानक कैसे अचेत हुआ और उसकी मौत के पीछे असली वजह क्या है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश को आगे बढ़ा रही है।
