Spread the love

शिमला-02मई : नगर निगम शिमला के चुनाव और पंचायती राज संस्थाओं की 222 सीटों के उपचुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। इन सभी सीटों के लिए मतदान सुबह 8:00 से 4:00 बजे तक होगा। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और सदस्यों के मतों की गणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय में होगी जबकि शहरी निकायों की मतगणना भी संबंधित मुख्यालय में चुनाव के बाद होगी। नगर निगम शिमला और पालमपुर के लिए मतों की गिनती 4 मई को सुबह 10:00 बजे की जाएगी। ईवीएम लेकर पोलिंग पार्टियां सोमवार को अपने-अपने गंतव्यों के लिए रवाना हो गई हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार नगर निगम शिमला के सामान्य चुनाव के लिए, अन्य शहरी निकायों में नगर निगम पालमपुर, नगर पंचायत ज्वाली, जिला कांगड़ा नगर पंचायत राजगढ़, जिला सिरमौर के एक-एक वार्ड एवं पंचायती राज संस्थाओं के विभिन्न पदों का मतदान शामिल है। इनके लिए मतदान दल पहुंच चुके हैं।
बता दें कि ऊना में जिला परिषद सदस्य का एक पद, पंचायत समिति के 9 पद, पंचायत प्रधान के 10, उपप्रधान के 13 और पंचायत सदस्य के 189 पद रिक्त हैं। 222 पदों में से 130 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। 130 पदों में पंचायत समिति जुब्बल का एक पद, प्रधान के दो पद, उपप्रधान का एक पद, पंचायत सदस्य के 126 पद हैं। नगर निगम, नगर पंचायतों तथा जिला परिषद का चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को सक्षम प्राधिकारी के पास परिणाम घोषित होने के एक माह के भीतर निर्वाचन व्यय संबंधित प्रपत्र जमा करने होंगे। आयोग ने नगर निगम शिमला के निर्वाचन के लिए 5 निर्वाचन व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं।

By admin

Leave a Reply