धर्मशाला। कांगड़ा-चंबा संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजीव भारद्वाज ने नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपा कार्यकर्ता पुलिस मैदान धर्मशाला में एकत्रित हुए। इसके बाद रैली निकाली गई। रैली पुलिस मैदान से लेकर कचहरी अड्डा धर्मशाला तक निकाली गई और कचहरी अड्डा में जनसभा हुई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने जहां कांग्रेस सरकार की नीतियों को जनता के समक्ष रखा, वहीं मोदी सरकार के किए गए कार्यों को भी जनता के बीच रखा। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किए गए कार्यों को लोगों को बताएं और उन्हें नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा के पक्ष में वोट करने के लिए प्रेरित करें।
सुक्खू की फिल्म 14 माह में फ्लॉप हो गई : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सीएम सुक्खू आजकल बड़े उत्साहित हैं और कह रहे हैं कि जयराम की फिल्म फ्लॉप होने वाली है। जयराम ठाकुर ने कहा कि हमने तो पांच साल का कार्यकाल पूरा किया, जबकि सुक्खू की फिल्म तो 14 माह में ही फ्लॉप हो गई। ठाकुर ने कहा कि सीएम के गृह जिला हमीरपुर के तीन विधायकों ने सरकार को नमस्ते कह दिया और अपनी राह पर चल दिए। जो वार्ड का चुनाव नहीं लड़े, उन्हें कैबिनेट रैंक के साथ ओहदे देकर सचिवालय में बिठाया गया है। 4 जून को दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी और नरेंद्र मोदी तीसरी बार पीएम बनेंगे, उसी दिन हिमाचल में भी शिमला में भाजपा की सरकार बनने का मार्ग तैयार हो जाएगा।
सत्ता के नशे में सुक्खू, संस्थान बंद करने में होते हैं खुश : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विधानसभा उपचुनाव प्रत्याशी राजेंद्र राणा के नामांकन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कुर्सी पाते ही मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सत्ता के नशे में चूर हो गए। यही वजह है कि वह सरकारी संस्थान बंद करने से खुश होते हैं। कांग्रेस के छह विधायकों को आज अपनी विधायकी गंवानी पड़ी। उनकी तानाशाही का नतीजा है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार अपना बहुमत खो चुकी है। सुजानपुर की जनता के कामों को लेकर जब राणा मुख्यमंत्री के पास गए तो उनके पत्र कूड़ेदान में फेंक दिए गए। प्रदेश के उपचुनाव के लिए सिर्फ मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। उन्होंने जनसभा में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा को छोटा भाई कहकर संबोधित करते हुए कहा कि एक वोट राजेंद्र राणा और एक वोट अनुराग ठाकुर को कमल के चुनाव निशान पर दें।
