बिलासपुर| एचपी शिवा प्रोजेक्ट के तहत अब कलस्टर सिस्टम में बागबानी कर रहे हिमाचल के किसान-बागबानों के लिए जल्द ही एचपी शिवा नाम से एक ऐप तैयार की जाएगी। एशियन डिवेल्पमेंट बैंक की ओर से यह ऐप तैयार की जाएगी। एशियन डिवेल्पमेंट बैंक की टीम के डिजिटल मार्केटिंग एक्सपर्ट साउथ कोरिया के ग्येयओंजो और आंध्रप्रदेश के विजय तालेपददे ने बिलासपुर में तलवाड़ा व लंझता कलस्टर के निरीक्षण के दौरान प्रदेशभर से आए किसान-बागबानों से अहम सुझाव मांगे हैं। एचपी शिवा प्रोजेक्ट के बिलासपुर में कार्यरत जिला समन्वयक डाक्टर रमल अंगारिया ने बताया कि प्रोजेक्ट के तहत बागबानों के लिए शीघ्र ही एक ऐप तैयार की जाएगी जिसके जरिए बागबानों को समय समय पर अपडेट मिलते रहेंगे।
कब-कब पौधों को कीटनाशक दवाइयों का छिडक़ाव करना है और कब-कब पानी व खाद देते रहना है यह सारी अपडेट बागबानों को मिलेगी। यही नहीं, ऐप के जरिए फलदार पौधों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सकेगी और वार्षिक व मासिक कैलेंडर भी उपलब्ध होंगे। साथ ही ऐप में उर्वरक की मात्रा की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी। डाक्टर रमल अंगारिया के अनुसार पूरे प्रदेश भर में एचपी शिवा प्रोजेक्ट के तहत बिलासपुर में योजनाबद्ध ढंग से और तेज गति से काम हो रहा है। किसान-बागबानों के कलस्टर बनाकर नींबू प्रजाति के फलों की खेती की जा रही है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। ऐप में उर्वरक की मात्रा के बारे में भी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
