Spread the love

बंगाणा। जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में आंतकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हुए बंगाणा के सेना के जवान नायक दिलवर खान को गुरुवार को सैकड़ों नम आंखों के साथ अंतिम विदाई दी गई। गुरुवार को शहीद दिलवर खान के पैतृक गांव घरवासड़ा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ मुस्लिम विधि से उनकी अंत्येष्टि की गई। इस मौके पर सेना के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। जैसे ही शहीद दिलवर खान का पार्थिव शरीद घरवासड़ा पहुंचा तो लोगों ने दिलवर खान अमर रहे, जब तक सूरज चांद रहेगा, दिलवर खान तेरा नाम रहेगा के नामों के साथ शहीद को सम्मान दिया। इस दौरान भारत मां के नारे भी लगे।

बता दें कि बुधवार तड़के आंतकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में जवान नायक (गनर) दिलवर खान शहीद हो गए थे। बुधवार को जैसे ही यह खबर उनके घर पहुंची तो परिजनों में मातम छा गया। बुधवार को श्रीनगर में सेना के जवानों ने शहीद दिलवर खान को सलामी दी। इस दौरान सैन्य अधिकारियों ने शहीद दिलवर खान के परिजनों को तिरंगा भेंट किया। इसके उपरांत दिलवर खान की पार्थिक देह श्रीनगर से उनके पैतृक गांव घरवासड़ा के लिए रवाना हुई।

नायक दिलवर खान का जन्म मार्च 1996 को पिता कर्मदीन व माता भोला बीबी के घर हुआ था। दिलवर खान वर्ष 2014 में सेना में भर्ती हुए थे। इस समय वह 28 आरआर कुपवाड़ा में तैनात थे। शहीद दिलवर खान अपने पीछे, पत्नि व तीन वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। इसके अलावा घर में भाई विजय मोहम्मद, एक बहन शादीशुदा है। शहीद दिलवर खान की अंतिम यात्रा में कुटलैहड़ विस क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा, पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो, जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, सूरम सिंह, देसराज गौतम, एसडीएम सोनू गोयल, गुरनाम सिंह प्रधान, शकील मोहम्मद सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित हुए।

सीएम ने जताया शोक

वीर सैनिक दिलवर खान की शहादत पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत सारी कैबिनेट, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, ऊना के उपायुक्त जतिन लाल समेत ऊना जिले के सभी अधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत पीड़ा का क्षण है क्योंकि हमने प्रदेश का बेटा खोया है। भारत माता की रक्षा करते हुए आतंकवाद के विरुद्ध उनका यह सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

By admin

Leave a Reply