शिमला | धनतेरस के शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने के लिए राजधानी के बाजारों में मंगलवार को लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। शहर के लोअर बाजार में दोपहर के समय पैदल चलना तक मुश्किल हो गया था। सबसे ज्यादा भीड़ बर्तनों की दुकानों में रही।राजधानी में बर्तनों, गहनों, गाड़ियों समेत अन्य सामान का करीब 200 करोड़ का कारोबार हुआ है। सुबह 9:00 बजे से ही शहर में बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की लाइनें लग गईं। कारोबारियों ने दुकानों पर अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए थे। लोअर बाजार में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के कर्मचारी भी मौजूद रहे। भीड़ का आलम यह था कि बाजार के एक छोर से दूसरी तरफ पहुंचने में आधे घंटे का समय लग गया। आम दिनों में बाजार का यह सफर दस मिनट का है। बर्तन कारोबारियों ने अपनी दुकानों के बाहर भी बर्तन सजा कर रखे थे। दोपहर एक बजे तक शहर की सभी बर्तन की दुकानें ग्राहकों से भर चुकी थीं। रेशमा और नेहा ने बताया कि सुबह जल्दी से घर से इसलिए निकले थे कि भीड़ नहीं होगी लेकिन बाजार पहले ही भर चुका है।
कारोबारी मनोज ने बताया कि सबसे ज्यादा मांग कांसे के बर्तनों की है। लोग कांसे की थाली, गिलास, चम्मच और कटोरी सेट ज्यादा खरीद रहे हैं। आभूषण की दुकानों पर भी खूब रौनक रही। सबसे पहले एडवांस बुकिंग करने वाले लोगों को शुभ मुहूर्त में सामान दिया गया। लोगों ने शादियों और एक दूसरे को तोहफे देने के लिए सोने-चांदी के गहनों की खरीदारी की। धनतेरस पर कपड़े, जूते से लेकर मिठाइयों की भी जमकर खरीदारी हुई। उपनगर शोघी, संजौली, टुटू, खलीनी, छोटा शिमला, ढली और न्यू शिमला के बाजारों में शुक्रवार को काफी भीड़ रही।
धनतेरस पर बेहद शुभ है खरीदारी, बन रहा त्रिपुष्कर योग
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस बार धनतेरस पर खरीदारी बेहद शुभ होने वाली है। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि मंगलवार को धनतेरस के रूप में मनाई जाएगी। धन त्रयोदश के दिन प्रदोष काल यानि सूर्य अस्त और रात्रि की संधि के समय त्रिपुष्कर योग बन रहा है। ऐसे में प्रदोष काल शाम 6:38 बजे से 8:24 बजे तक रहेगा। इस शुभ मुहूर्त में माता लक्ष्मी और कुबेर का पूजन करने से शुभ फल मिलेगा। धनतेरस पर बर्तन, सोना, चांदी, वाहन, तांबे के बर्तन की खरीदारी करना शुभ रहेगा। खरीदारी करने का शुभ मुहूर्त सुबह 10:32 से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा। दोपहर 2:51 से शाम 4:14 बजे तक रहेगा राहुकाल। राहुकाल के बाद खरीदारी करना शुभ है। त्रयोदशी तिथि बुधवार दोपहर 1:14 बजे तक रहने पर खरीदारी की जा सकती है।
