Spread the love

शिमला/कुल्लू | हिमाचल में मौसम फिर बदल गया है। गुरुवार दोपहर बाद बादल छाने के साथ ही अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है। मौसम के प्रभाव को देखते हुए विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार सात जनवरी तक भारी बारिश-बर्फबारी की संभावना रहेगी। ऐसे में यातायात बाधित होने की संभावना रहेगी। पर्वतीय और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में आवश्यक सेवाओं पर इसका असर पड़ेगा। सडक़ें बाधित होने की वजह से दूध, सब्जी और अन्य रोजमर्रा की जरूरत का सामान पहुंचने में मुश्किल पेश आ सकती है। इसके अलावा मैदानी इलाकों में तूफान आने की संभावना है। इसका सबसे ज्यादा असर बिजली और संचार दोनों सुविधाओं पर पड़ेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तूफान की संभावना के मद्देनजर स्थानीय लोग और पर्यटक खुले इलाकों में जाने से परहेज करें। इस बीच धुंध छाए रहने की वजह से वाहन चालकों को परेशानी पेश आ सकती है। ऊपरी क्षेत्रों मेंं पानी जमने से जल आपूर्ति में बाधा आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ जम्मू और इससे सटे उत्तरी पाकिस्तान पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मंडरा रहा है। एक चक्रवाती पश्चिमी विक्षोभ ईरान के निचले और मध्य भागों में स्थित है।

पांच जनवरी को पंजाब और उसके आसपास एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बनने की भी संभावना मौसम विभाग ने जताई है। इसके अलावा अरब सागर से उत्तर-पश्चिम भारत में नमी आने की भी संभावना है। इसका सबसे ज्यादा असर पांच से सात जनवरी के बीच देखा जाएगा। इस दौरान हिमाचल प्रदेश में काफी व्यापक से व्यापक वर्षा होने की संभावना बनी रहेगी। इस अवधि के दौरान भाखड़ा बांध (बिलासपुर) के जलाशय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में और उसके आसपास घना कोहरा छाए रहने की बात कही गई है। बल्ह घाटी के कुछ हिस्सों और ऊना, सोलन, सिरमौर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गुरुवार देर रात और हमीरपुर और कांगड़ा में सुबह के समय धुंध का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से आह्वान किया है कि वे संबंधित विभागों की सलाह और दिशा-निर्देशों का पालन करें। अपने गंतव्य के लिए रवाना होने से पहले अपने मार्ग पर यातायात की भीड़ की जांच करें, सावधानी से वाहन चलाएं।

By admin

Leave a Reply