Spread the love

ठियोग | ठियोग पानी घोटाले में विजिलेंस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने गुरुवार को ठियोग पहुंचकर फिजिकल वेरिफिकेशन शुरू कर दी है। एएसपी नरवीर राठौर की अगवाई में ठियोग पहुंची टीम ने पानी ढुलाई में इस्तेमाल सभी टैंकर व पिकअप के मालिक और ड्राइवरों सहित लगभग 40 लोगों से पूछताछ की गई। वहीं, सभी वाहनों की जांच की गई, जिसमें देखा गया कि किस वाहन की पानी ढुलाई की कितनी क्षमता है। ड्राइवर से पूछा गया कि किस दिन कितने चक्कर पानी के लगाए और किस किस गांव में सप्लाई की गई। इस दौरान जल शक्ति विभाग के फील्ड स्टाफ से भी पूछताछ की गई। खासकर जिन कर्मियों ने मई व जून माह में पेयजल सप्लाई के दौरान फील्ड में रिकार्ड मंटेन किया था। उस कब्जे को भी विजिलेंस टीम ने कब्जे में लिया है। एएसपी नरवीर सिंह राठौर ने बताया कि जो आरोप शिकायत में लगाए गए थे, उन की जांच जारी है।

एफआईआर दर्ज करेगी विजिलेंस

विजिलेंस एसआईयू फिजिकल वेरिफिकेशन करके इन वाहनों का डिजिटल डाटा जुटा रही है, ताकि कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करते वक्त पुख्ता साक्ष्य पेश किए जा सके। साक्ष्य जुटाने के बाद विजिलेंस इस मामले में एफआईआर करेगी। इससे पहले बीते बुधवार को विजिलेंस की टीम ने मुख्यालय में तीन एसडीओ, पांच जेई और तीन ठेकेदारों से 7:30 घंटे लंबी पूछताछ की।

10 लाख से 1.13 करोड़ पहुंचा खर्च

हर साल ठियोग में पानी की सप्लाई के लिए 10 से12 लाख रुपए खर्च होते थे, लेकिन 2024 में यह आंकड़ा अचानक एक करोड़ के पार पहुंच गया। कई ऐसे वाहन नंबर भी दिखाए गए, जो अस्तित्व में ही नहीं हैं। यहां तक कि कुछ इलाकों में, जहां सडक़ें तक नहीं हैं, वहां भी वाहनों से पानी की सप्लाई दिखाई गई।

ठेकेदारों के बैंक खातों की जांच

मामले में सरकार दस अफसरों को पहले ही सस्पेंड कर चुकी है। विजिलेंस की एसआईयू अब इस मामले में सबूत जुटा रही है। पानी सप्लाई करने वाले चार ठेकेदारों को भी जांच में शामिल कर दिया है। इनके बैंक खातों को भी खंगाला जा रहा है। अब यह देखा जा रहा है कि इनके अकाउंट से किस किस के खाते में ट्रांजैक्शन हुई है। आने वाले दिनों में कुछ अधिकारी व नेता भी लपेटे में आ सकते हैं।

बाइक-कार में पानी ढुलाई

ठियोग के पूर्व माकपा विधायक राकेश सिंघा ने एक करोड़ 13 लाख रुपए का पानी लोगों को टैंकर से पिलाने के दावे को गलत बताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पानी बाइक, ऑल्टो, व होंडा सिटी कार तथा हॉर्टिकल्चर डायरेक्टर की बोलेरो में ढोया गया। एक बाइक पर 11 चक्कर में 22 हजार लीटर पानी ढोया गया। इसकी एवज में 23 हजार रुपए का भुगतान किया गया। शिमला में हार्टिकल्चर डायरेक्टर की बोलेरो गाड़ी से 15 हजार लीटर पानी सप्लाई किया गया। इसके बदले 94 हजार की रकम ठेकेदार को दी गई। जल शक्ति विभाग ने बाइक पर भी लोगों को पानी पिलाया है। एक दिन में ही एक गाड़ी को 500 से 1000 किलोमीटर रनिंग दर्शायी गई, जो पहाड़ों में संभव नहीं है।

By admin

Leave a Reply