शिमला | बर्फबारी के पूर्वानुमान के बीच बड़ी संख्या में सैलानियों ने हिमाचल का रुख करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी शिमला, मनाली, धर्मशाला, चायल और कसौली में पूरे दिन सैलानियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। इन दिनों पर्यटन विकास निगम और निजी होटलों में 20 से 40 फीसदी तक ऑफ सीजन डिस्काउंट भी चल रहा है। छूट का लाभ लेने के लिए भी सैलानी प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं।हिल्सक्वीन शिमला में शनिवार को दिनभर पर्यटकों ने रिज मैदान और माल रोड पर सुहाने मौसम में घूमने का आनंद लिया। सैलानियों ने रिज मैदान पर घुड़सवारी और फोटोग्राफी का लुत्फ उठाया। बर्फ में अठखेलियां करने के लिए सैलानियों ने शिमला से नारकंडा का रुख किया। उधर, अटल टनल रोहतांग से होकर बड़ी संख्या में सैलानी बर्फ का लुत्फ उठाने के लिए सिस्सू पहुंचे।
