शिमला | तत्तापानी में मकर संक्रांति पर मंगलवार सुबह ही स्नान के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े। आस्था की डुबकी लगाने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे थे। सुबह चार बजे से ही लोगों ने स्नान करना शुरू कर दिया। ग्रह शांति के लिए लोगों ने तुलादान भी किया। लोगों ने खिचड़ी दान कर प्राचीन परंपरा का निर्वहन किया। तत्तापानी में 13 से 15 जनवरी तक जिला स्तरीय मेले का भी आयोजन किया जा रहा है।
मान्यता है कि तत्तापानी महर्षि जमदग्नि की तपोस्थली रही है। ऐसे में लोगों की तत्तापानी में मकर संक्रांति के पावन पर्व को लेकर गहरी आस्था है। स्थानीय पंडित भक्ति प्रकाश ने बताया कि लोग नवग्रह की शांति के लिए तुलादान करवाने आते हैं। यहां पर गर्म पानी के चश्मे थे। लोग सतलुज किनारे स्नान करते थे। अब गर्म पानी के चश्मे कोल बांध परियोजना में डूब गए हैं। स्नान करने के लिए सतलुज किनारे व्यवस्था की गई है। मकर संक्रांति के अलावा हर शनिवार को यहां श्रद्धालु आते हैं। पंडित संजू शर्मा ने कहा कि माघ महीने में जब सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है तो इसमें दान का विशेष महत्व होता है। प्रयागराज में महाकुंभ चला है। मान्यता है कि प्रयागराज के बराबर ही तत्तापानी में पुण्य मिलता है।
मकर संक्रांति के दिन तत्तापानी में खिचड़ी दान करने की सदियों से परंपरा चली आ रही है। धार्मिक तीर्थ स्थल में जगह-जगह प्रसाद के रूप में खिचड़ी भी परोसी गई। तत्तापानी के नाम खिचड़ी पकाने का विश्व रिकॉर्ड भी है। यहां साल 2020 में मकर संक्रांति में एक ही बर्तन में 1995 किलोग्राम खिचड़ी बनाई गई थी। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में यह रिकॉर्ड दर्ज हुआ है।
ये किंवदंतियां हैं ततापानी के चश्मों के पीछे
ततापानी में गर्म पानी के चश्मों की उत्पत्ति के बारे में तरह-तरह की किंवदंतियां प्रसिद्ध हैं। जाने-माने पुराणवक्ता डाॅ. गोकुलचंद शर्मा के अनुसार ततापानी के बारे में एक किंवदंती ये है कि प्राचीनकाल में इस क्षेत्र में परशुराम के पिता ऋषि जमदग्नि तपस्या कर रहे थे। उन्होंने इस तपोस्थली में गर्म पानी के चश्मे प्रकट किए। एक अन्य किंवदंती ये भी है कि यहां पर जमदग्नि ऋषि के पुत्र परशुराम स्नान कर रहे थे। उन्होंने जब अपने वस्त्र निचोड़े तो यहां पर गर्म पानी हो पैदा हो गया। यहां गंधक के पहाड़ हैं। इनसे गैस बनती है, उनसे भी गर्म पानी निकलता है।
