Spread the love

शिमला | मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह दिल्ली पहुंच गए हैं। वे बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को दिल्ली में हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ मुलाकात की है। मुकेश अग्निहोत्री मंगलवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच दिल्ली चुनाव और हिमाचल की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई है, जबकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला में बैठकों में हिस्सा लेने के बाद शाम को दिल्ली रवाना हुए। गौरतलब है कि दिल्ली में कांग्रेस का नया मुख्यालय तैयार हो गया है और बुधवार को संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन का उद्घाटन करेंगी। कांग्रेस मुख्यालय का निर्माण सोनिया गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते शुरू किया गया था।

अब यह भवन बनकर तैयार हो चुका है, जबकि इससे पहले कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पर था। अब कांग्रेस मुख्यालय का नया पता 9-ए कोटला मार्ग होगा। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस विषय को लेकर एक्स पर पोस्ट की है। हिमाचल के नेताओं की मौजूदगी में राज्य के ताजा मामलों पर दिल्ली में बातचीत हो सकती है। संगठन के गठन और आगामी दिनों में पंचायती राज चुनाव को लेकर भी हिमाचल के नेता अपना पक्ष रख सकते हैं। उद्घाटन के ठीक बाद पार्टी की पहली परीक्षा दिल्ली में ही होगी और ऐसे में उद्घाटन कार्यक्रम को कांग्रेस प्रचार के तौर पर भी इस्तेमाल करेगी।

देश भर के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को भेजा निमंत्रण

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कांग्रेस मुख्यालय के उद्घाटन मौके पर कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, सीडब्ल्यूसी सदस्य, सीपीपी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पदाधिकारी, सीईसी पदाधिकारी, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष, सीएलपी लीडर, सांसद, पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व मंत्री इस मौके पर मौजूद रहने की बात कही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की मजबूत नींव अब नए भवन से डलेगी और देश भर में कांग्रेस नए राज्यों में अपनी पारी की शुरुआत भी करेगी।

By admin

Leave a Reply