शिमला | हिमाचल में पीडब्ल्यूडी को बर्फबारी की वजह से अब तक 18 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हो चुका है। विभाग ने नुकसान की रिपोर्ट बनाकर राज्य सरकार को भेजी है। अब इस रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार केंद्र से पीडब्ल्यूडी की मदद के लिए बजट की मांग करेगी। पीडब्ल्यूडी के इस नुकसान का सीजन के अंत तक 35 करोड़ के पार पहुंचने का अनुमान है। दरअसल, हिमाचल में आगामी 21 जनवरी तक मौसम के खराब रहने की संभावना है और इस अवधि में लगातार बारिश और बर्फबारी से नुकसान का आंकड़ा बढऩे के आसार हैं। पीडब्ल्यूडी को सबसे ज्यादा नुकसान कांगड़ा जोन में झेलना पड़ा है। यहां अब तक छह करोड़ 50 लाख से ज्यादा के नुकसान की रिपोर्ट तैयार की गई है।
नुकसान के मामले में शिमला जोन अब तक दूसरे पायदान पर बना हुआ है। यहां चार करोड़ रुपए से ज्यादा के नुकसान की रिपोर्ट पीडब्ल्यूडी ने तैयार की है। मंडी जोन में तीन करोड़ रुपए का नुकसान अभी तक दर्ज हो चुका है। इसमें 90 फीसदी की क्षति अकेले कुल्लू सर्कल में दर्ज की गई है। इसमें उदयपुर डिवीजन में दो करोड़ रुपए से ज्यादा के नुकसान का अनुमान है। जबकि मनाली, कुल्लू और बंजार डिवीजन में करीब एक करोड़ रुपए के नुकसान की संभावना है।
शिमला के बराबर हमीरपुर जोन में नुकसान
बर्फबारी के सीजन में मैदानी इलाकों में भी बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है। हमीरपुर जोन में शिमला के बराबर चार करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। खास बात यह है कि हमीरपुर जोन के जिन इलाकों से पीडब्ल्यूडी ने राज्य सरकार को रिपोर्ट भेजी है, वहां बर्फबारी नहीं हुई है। फिर भी यहां दो करोड़ रुपए से ज्यादा का आकलन अभी तक किया गया है। इसमें भोरंज डिवीजन में 64 लाख, हमीरपुर में 61 लाख, टौणी देवी में 40 लाख, नादौन में 35 लाख, बड़सर में 13 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। धर्मपुर सर्कल में 25 लाख, बिलासपुर सर्कल में करोड़ 67 लाख के नुकसान का अनुमान है। इनमें से 60 लाख घुमारवीं, बिलासपुर डिवीजन एक में 45 लाख, डिवीजन दो में 39 लाख और झंडूता में करीब 24 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।
200 मशीनें तैनात
विभाग ने बर्फबारी से निपटने के लिए करीब 200ं मशीनों को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया है। विभाग ने बर्फबारी को हटाने के लिए दो स्नो ब्लोअर रोहड़ू और सलूणी में तैनात किए हैं। विभाग ने अढ़ाई करोड़ में इसे खरीदा है। पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बीते दिनों विभाग को मुस्तैद रहने के आदेश दिए हैं। ताजा बर्फबारी के बाद ऊपरी क्षेत्रों में तैनात किया है। इनमें निजी ठेकेदारों की जेसीबी को भी किराए पर लिया गया है।
