शिमला | नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार हर दिन अपने अजीबो गरीब करतूत से प्रदेश का नुकसान कर रही है। सुक्खू सरकार द्वारा आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को लेने से इनकार करने के मामले में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री दागदार अधिकारियों को अपने सलाहकार मंडल की फौज में शामिल करते हैं तो दूसरी तरफ प्रदेश के विकास में अपना योगदान देने वालेअफसरों को लेने से इनकार करते हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि अपने चहेते मित्रों और नजदीकी लोगों पर करोड़ों रुपए पानी की तरह बहाने वाले मुख्यमंत्री को प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारियों से ऐतराज क्यों है? जब आज सरकार नए अधिकारी नहीं लेगी तो कल प्रदेश को आवश्यकता के अनुसार अधिकारी कैसे मिलेंगे? उन अधिकारियों का काम कौन करेगा? क्या मुख्यमंत्री अधिकारियों के काम अपने मित्रों से ही करवाना चाहते हैं? वह जान ले कि अधिकारियों के काम अधिकारी करते हैं मुख्यमंत्री के खासम खास मित्र नहीं। इसलिए मुख्यमंत्री से आग्रह है कि वह व्यवस्था पतन के इस दौर को बंद करें।
जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस सरकार ने प्रदेश पर अपने असंवैधानिक कामों से करोड़ों रुपए का बोझ लाद दिया हो, सलाहकारों की फौज खड़ी की हो मित्रों को कौड़ियों के भाव कैबिनेट रैंक बांटी हो, नियम विरुद्ध सीपीएस बनाकर प्रदेश पर करोड़ों रुपए का बोझ डाला हो और उनकी नियुक्ति को जायज ठहरने में भी 10 करोड़ रुपए से ज्यादा वकीलों पर खर्च कर चुकी हो, उसके मुंह से नैतिकता की बात शोभा नहीं देती है। जिस अधिकारी पर विपक्ष में रहते मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार से लेकर हर तरीके आरोप लगाते थे, आज उन्हीं अधिकारियों से सरकार चलवा रहे हैं। आकंठ भ्रष्टाचार और वित्तीय अराजकता में डूबी सरकार संविधान द्वारा बनाए गए नियम कानून और निर्देशों की पूर्णतया अवहेलना कर रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि देश के इतिहास में यह पहला मामला है, जब किसी प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा हो कि उसे अखिल भारतीय सेवाओं से अधिकारी नहीं चाहिए। मुख्यमंत्री का यह कदम हास्यास्पद और शर्मनाक है। हर राज्य दुनिया की बेहतरीन परीक्षाओं से चुनकर आए आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की ज्यादा से ज्यादा मांग करता है जिससे उसके प्रदेश के विकास के नए आयाम खुल सकें। लेकिन हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री सेवानिवृत्त सलाहकारों और अपने मित्रों के बलबूते सरकार चलाना चाहते हैं।
