Spread the love

प्रयागराज | प्रयागराज में वसंत पंचमी के अवसर पर महाकुंभ में होने वाले अंतिम अमृत स्नान को लेकर महाअलर्ट जारी किया गया है। अमृत स्नान को लेकर बढ़ती भीड़ के चलते पुलिस और प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘जीरो एरर’ के निर्देश के अनुपालन पर सभी ने पूरी ताकत लगा दी है। 29 जनवरी को मौनी अमावस्या स्नान के दौरान हुई भगदड़ के 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 घायल हो गए। इसके बाद यूपी सरकार सख्त हो गई है। महाकुंभ के तीसरे स्नान पर्व वसंत पंचमी में सोमवार को करोड़ों श्रद्धालुओं के संगम स्नानका अनुमान है। बसंत पंचमी स्नान को देखते हुए चार फरवरी तक प्रयागराज शहर और मेला क्षेत्र में वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई है। स्नान पर्व पर कोई वीआईपी प्रोटोकाल नहीं होगा। वीवीआईपी पास रद्द कर दिए गए हैं।

निगरानी के लिए हेलिकाप्टर तैनात किया गया है। प्रयागराज के सभी रेलवे स्टेशनों पर वन-वे व्यवस्था लागू कर दी गई है। एक साइड से श्रद्धालु आएंगे तो दूसरी साइड से निकासी होगी। मेला क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन के लिए ड्रोन और 2750 सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जाएगी। करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए महाकुंभ नगर के साथ ही शहर और मंडल के सभी डाक्टर सजग रहेंगे। जानकारी के अनुसार, 1,200 से अधिक मेडिकल स्टाफ महाकुंभ नगर में पूरी तरह से तैयार हैं।

इसके अलावा मेले में ही पूरी मेडिकल फोर्स मुस्तैद रहेगी, जो छह फरवरी के बाद ही यहां से जाएगी। इसी बीच महाकुंभ में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती की त्रिवेणी में रविवार को शाम चार बजे तक 1.13 करोड़ से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके थे। इनमें से 10 लाख से अधिक कल्पवासी और 1.03 करोड़ से अधिक तीर्थयात्रियों ने दौरा किया। इन्हें मिला कर अब तक महाकुंभ में 34 करोड़ 57 लाख से अधिक श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। यद्यपि बसंती पंचमी अमृत स्नान पर्व सोमवार को ब्रह्म मुहुर्त से शुरू होगा।

वसंत पंचमी के अवसर पर सभी 13 अखाड़ों के संत त्रिवेणी में स्नान ध्यान करेंगे। महानिर्माणी अखाड़ा सबसे पहले सुबह पांच बजे स्नान करेगा, जिनके साथ अटल अखाड़ा के संत भी स्नान करेंगे। बाद में निरंजनी, आनंद अखाड़ा, जूना आवाहन और अग्नि अखाड़ा, निर्वाणी अनि, दिगंबर अनि, निर्मोही अनि, नया उदासीन व बड़ा उदासीन अखाड़े क्रम से स्नान ध्यान करेंगे। स्नान पर्व पर सुरक्षा के चाक चौबंद प्रबंध किए गए हैं। बसंत पंचमी स्नान पर्व के बाद अखाड़े अपने गंतव्य की ओर रवाना होने लगेंगे।

ममता कुलकर्णी ने भस्म लगाकर किया श्रृंगार

ममता कुलकर्णी पर विवाद के बीच एक नई तस्वीर महाकुंभ से सामने आई, जिसे देखकर लगता है कि उन्हें महामंडलेश्वर का पद वापस मिल गया है। वह तस्वीर में भस्म से श्रृंगार करती दिखीं। उनके साथ उनकी गुरु लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी इसका ऐलान नहीं हुआ है। मगर ताजा तस्वीर से काफी कुछ बयां हो रहा है। इस तरह, पूर्व एक्ट्रेस ने 23 साल पुरानी शपथ तोड़ दी, जो उन्होंने संन्यास का जीवन अपनाने के बाद खाई थी। किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर डाक्टर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने उन्हें आशीर्वाद दिया जो उनकी आध्यात्मिक गुरु भी हैं।

By admin

Leave a Reply