ऊना | हरोली विधानसभा क्षेत्र में अब हर खेत को पानी का ख्बाव हकीकत बन पाएगा। इसके लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री के प्रयास अब रंग लाए है। केंद्र सरकार ने 75 करोड़ रुपए की बीत क्षेत्र सिंचाई योजना-2 को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत 90 फीसदी वित्तीय सहयोग केंद्र सरकार और 10 फीसदी राज्य सरकार द्वारा प्रदान किया जाएगा। इस परियोजना के मूर्त रूप लेने पर हरोली के बीत क्षेत्र के लगभग 22 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और लगभग 50 हजार कनाल कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त हो पाएगी। बीत क्षेत्र सिंचाई योजना-2 के अंतर्गत पालकवाह क्षेत्र में 12 नलकूप स्थाापित किए जाएंगे,यहां से पानी को बीत क्षेत्र में पहुंचाया जाएगा। इस परियोजना को लेकर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री से कई बार मुलाकात की। उपमुख्यमंत्री ने इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि यह उनके राजनीतिक जीवन की अहम सफलता है। उन्होंने कहा कि जिस बीत क्षेत्र में पीने का साफ पानी नही मिलता था,वहां पर बीत एरिया सिंचाई परियोजना के पहले चरण में 42 करोड़ रुपये व्यय कर 9 गांवों को कवर किया गया, जिससे 29 हजार कनाल भूमि को सिंचाई सुविधा मिली। इसके दूसरे चरण में 22 गांवों में 50 हजार कनाल भूमि को सिंचाई सुविधा मिल पाएगी। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि 22 वर्ष पूर्व देखा ख्बाव अब हकीकत बनने जा रहा है। अब इस क्षेत्र में एक से बढक़र एक नगदी फसलें हो रही हैंं। बीत सिंचाई योजना-2 के पूरा होने पर इस क्षेत्र का हर गांव मुख्यधारा से जुड़ जाएगा।
तालाबों के साथ टोबों की रिचार्जिंग को 12 करोड़
क्षेत्र के पुराने तालाबों और टोबों की रीचार्जिंग व्यवस्था के लिए 12 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। पेयजल आपूर्ति के लिए 105 करोड़ रुपए और सिंचाई के लिए 130 करोड़ की योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। क्षेत्र में नालों के तटीकरण पर 13 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं।
पेयजल-सिंचाई परियोजनाओं पर खर्च हो रहे 325 करोड़
मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई परियोजनाओं पर 325 करोड़ व्यय किए जा रहे हंैं। बीत क्षेत्र में 66 करोड़ रुपए की योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। पोलियां में 50 लाख लीटर क्षमता का जल संग्रहण टैंक बनाया गया है, जबकि दुलैहड़ में 25 लाख लीटर क्षमता का टैंक निर्मित किया गया है। बल्क ड्रग पार्क के लिए जल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था की गई है।
