Spread the love

धर्मशाला | क्षेत्र के खनियारा की मनूणी खड्ड में स्थित हाइडल पॉवर प्रोजेक्ट पूरी तरह से अवैज्ञानिक ढंग से नियमों को ताक पर रखकर चलाया जा रहा था। प्रोजेक्ट में बादल फटने के पहले की वीडियो सामने आई है, जिसमें प्रोजेक्ट की ओर से नियमों को ताक पर रखकर मनूनी खड्ड का पूरी तरह से छलनी कर दिया गया था। खड्ड के हर तरफ मलबे को डंप कर दिया गया था, जबकि खड्डों के पत्थरों व मिट्टी को इस्तेमाल में लाया जा रहा था। खड्ड को कई स्थानों पर पूरी तरह से मैदान के रूप में बदल दिया  गया था। इस संबंध में लगातार स्थानीय पंचायत सोकणी द कोट के पास भी शिकायतें पहुंची थीं, जिन्हें प्रशासन के समक्ष उठाने की बात कही जा रही है, लेकिन इसमें अब तक किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई ही नहीं की गई। इसके चलते पंचायत प्रधान व स्थानीय लोगों ने खड्ड का रास्ता रोकने सहित नियमों के तहत कार्य किए जाने को लेकर पहले ही आगाह किया था।

वीडियो में बड़ी बात सामने आ रही है कि खड्ड में ही बड़े स्तर पर मजदूरों की बस्तियां बनाई गई थीं, जबकि गंदगी को सीधे तौर पर खड्ड में ही बहाया जा रहा था, जबकि मनूणी से दर्जनों पेयजल स्कीमें धर्मशाला क्षेत्र के लिए लगाई गई है। बावजूद इसके इतने बड़े स्तर पर हुई लापरवाही को लेकर स्थानीय पंचायत, जिला प्रशासन व संबंधित विभागों की ओर से कोई भी कार्रवाई न किए जाने से कई सवाल उठ रहे हैं। हादसे से पहले मिले विडियो में सरेआम देखने को मिल रहा है कि मनूणी खड्ड को कंपनी द्वारा तहस-नहस किया गया था, जिसमें कई पेड़ों को काटने के साथ ही खड्ड को डंप के रूप में प्रयोग किया जा रहा था। कंपनी की ओर से दो क्रशर भी खड्ड में लगाए गए थे। कंपनी की मनमानी अब मजदूरों को जिंदगियों पर भारी पड़ी है। उधर, इस बारे में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा ने बताया कि कंपनी से क्रशर संबंधी दस्तावेज मांगे गए हैं, जोकि अभी तक जमा नहीं करवाए हैं। नियमों की अवेहलना को लेकर जांच की जाएगी।

तीर्थन नदी में बहता दिखा युवक का शव

गुशैणी(बंजार) — बंजार उपमंडल की तीर्थन घाटी में उस समय हडक़ंप मच गया, जब गुशैणी के पास तीर्थन नदी में एक अज्ञात युवक का शव बहता हुआ दिखाई दिया। यह घटना बुधवार शाम करीब चवार बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुशैणी में तीर्थन नदी पर बन रहे पुल के पास कार्य कर रहे मजदूरों ने सबसे पहले शव को नदी में औंधे मुंह बहते देखा। शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन यह किसी युवा पुरुष का प्रतीत हो रहा है। शव को गुशैणी से आगे बड़ीरोपा स्थान पर भी लोगों ने नदी में बहते हुए देखा, लेकिन अभी तक शव की बरामदगी नहीं हो सकी है। डीएसपी बंजार शेर सिंह ने जानकारी दी है।

सतलुज में पानी बढ़ा, एनएच पर दरारें

रिकांगपिओ — किन्नौर जिले में सतलुज नदी के बढ़ते जलस्तर ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग 05 पर पोवारी-शोंगठोंग बैराज के पास सडक़ पर बड़ी दरारें पैदा कर दी हैं। यहां लैंडस्लाइड के कारण सडक़ का कुछ हिस्सा भी गिर गया है, जिससे यातायात बाधित हो गया है। सभी प्रकार के वाहनों को अब वाया शिलती-रिकांगपिओ मार्ग से भेजा जा रहा है। पुलिस की टीम घटना स्थल पर तैनात कर दी गई है और एहतियात के तौर पर पवारी जीरो प्वाइंट पर बैरिकेडिंग लगा दिए गए हैं। वहीं, बताया जा रहा है कि पोवारी-शोंगठोंग करछम निर्माणाधीन परियोजना के दौरान ब्लास्टिंग के कारण पहले से ही सडक़ के किनारों पर दरारें आ रही थीं।

By admin

Leave a Reply