सोलन | मौसम को देखते हुए टमाटर के दामों में भी तेजी आनी शुरू हो गई। वीरवार को टमाटर 500 से 1000 रुपये तक प्रति क्रेट बिका है। शिमला मिर्च के भी किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं। इसमें शिमला मिर्च 50 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है। आने वाले दिनों में दाम स्थिर रहने की भी संभावना जताई जा रही है। सोलन सब्जी मंडी में हर वर्ष सब्जियों से करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। अभी तक टमाटर की दो लाख से अधिक क्रेट सब्जी मंडी पहुंच चुकी हैं।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ और दिल्ली की बड़ी मंडियों में प्रदेश की शिमला मिर्च और टमाटर की अधिक मांग है। इसके दाम भी अच्छे मिल रहे हैं। जिला सोलन के ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतर लोग खेती पर निर्भर हैं। लोग टमाटर, शिमला मिर्च, मटर, गोभी, बींस और लहसुन समेत कई अन्य नकदी फसलों की पैदावार करते हैं। सोलन की मुख्य नकदी फसल टमाटर और शिमला मिर्च है। सीजन के शुरू में किसानों को टमाटर के अच्छे दाम नहीं मिल सके, लेकिन अब आई तेजी से किसान खुश हैं। इसके अलावा अन्य सब्जियों के भी किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं।
