शिमला । शिमला में नशा तस्करों पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने शनिवार देर रात दो अलग-अलग जगहों पर नशा तस्करों को दबोचने में सफलता हासिल की है। एक मामले में पुलिस ने एचआरटीसी बस से 11.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया है, जबकि दूसरे मामले में एक युवक से 92 ग्राम चरस पकड़ी है। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शिमला पुलिस एसएसपी संजीव गांधी के नेतृत्व में नशा तस्करों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। शिमला पुलिस ने इस साल में अब तक चिट्टा तस्करी के 131 मामलों में एक किलो 689 ग्राम 773 मिली ग्राम चिट्टे की खेप पकड़ी है। पहला मामला ठियोग थाना क्षेत्र का है। शनिवार रात पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि हमीरपुर से रिकांगपिओ जा रही एचआरटीसी बस में एक व्यक्ति नशीले पदार्थ लेकर जा रहा है।
पुलिस ने तुरंत ठियोग बाइपास पर नाकाबंदी कर बस की तलाशी ली। जांच के दौरान आरोपी बुटा सिंह उम्र 31 वर्ष निवासी लुधियाना पंजाब के कब्जे से 11.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा दूसरा मामला पुलिस थाना रोहड़ू क्षेत्र का है। पुलिस को शनिवार रात गश्त के दौरान नालू (मेहंदली) के पास कार संदिग्ध हालत में खड़ी मिली। तलाशी लेने पर आरोपी सुरेंद्र सिंह उम्र 38 वर्ष निवासी गांव अर्हल, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला के पास से 92 ग्राम चरस बरामद हुई। एसएसपी शिमला संजीव गांधी का कहना है कि पुलिस ने दोनों घटनाओं को लेकर संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
