Spread the love

शिमला | सुन्नी क्षेत्र में सतलुज नदी में बढ़ते जलस्तर और सिल्ट के मामले को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने आज सुन्नी में विशेष बैठक की। इसमें बताया गया कि सुन्नी में एनटीपीसी के कोलडैम प्रोजेक्ट प्रबंधन की ओर से सिल्ट के ऊपर सोनार सर्वेक्षण करवाया जा रहा है। सोनार सर्वे एक तकनीक है, जो ध्वनि तरंगों का उपयोग करके पानी के नीचे वस्तुओं का पता लगाने, उनका मानचित्रण करने और सर्वेक्षण करने के लिए की जाती है। यह तकनीक सोनार उपकरण से ध्वनि तरंगें भेजकर और फिर वस्तुओं से परावर्तित होकर वापस आने वाली तरंगों का समय माप कर काम करती है। 15 दिसंबर से यह सर्वेक्षण कार्य शुरू हो जाएगा। साथ ही अगले 15 से 20 दिनों में सर्वेक्षण कार्य पूरा होगा। फिर हमें प्रबंधन रिपोर्ट सौंपेगा, जिसके आधार पर सुन्नी क्षेत्र में भविष्य के लिए रणनीति बनाई जाएगी। लोगों के घरों और जमीनों को बढ़ते जलस्तर से खतरा बना हुआ है।

बढ़ते जल स्तर से इस वर्ष आईटीआई परिसर, विश्राम गृह सुन्नी, गोसदन एवं कुछ रिहायशी क्षेत्रों में जलभराव एवं गाद चारों ओर फैली हुई गई थी। उपायुक्त ने इन सभी स्थानों का दौरा किया। उपायुक्त ने बताया कि हमारी प्राथमिकता लोगों की जान माल की सुरक्षा करना है। किसी भी व्यक्ति की संपत्ति और जान को नुकसान नहीं होना चाहिए। आईआईटी रुडक़ी की टीम ने सतलुज नदी की गाद पर अध्ययन किया है। वर्ष 2014 से 2024 तक यह अध्ययन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2014 से 2021 तक सिल्ट में कोई बदलाव नहीं आया। वर्ष 2021 के बाद सिल्ट में तेजी से बदलाव आया है। जोन एक तत्तापानी में वर्ष 2022 में सिल्ट 7 हेक्टेयर और 2023 में 27 हेक्टेयर दर्ज हुई। जोन दो सुन्नी में वर्ष 2022 में 0.5 हेक्टेयर और 2023 में 10 हेक्टेयर रिकार्ड की गई।

By admin

Leave a Reply