हमीरपुर | हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने पटवारी और सहायक स्टाफ नर्स के पदों पर बंपर भर्ती निकाली है। आयोग ने शनिवार को दो अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की हैं। पटवारी (जॉब ट्रेनी) और सहायक स्टाफ नर्सों के 842 पदों पर भर्ती होगी।राजस्व विभाग में पटवारियों के 530 पदों और हिमाचल प्रदेश मेडिकल एजुकेशन एवं रिसर्च विभाग सहायक स्टाफ नर्स के 312 पद शामिल हैं। सहायक स्टाफ नर्स के लिए अधिकतम आयु सीमा 45 के बजाय 32 वर्ष तय की गई है, जो वर्षों से भर्ती का इंतजार कर रही हजारों प्रशिक्षित नर्सों के लिए झटके से कम नहीं है। इतना ही नहीं, यह नर्सें जॉब ट्रेनी नीति की बजाय 5 साल की अवधि के लिए भर्ती की जा रही हैं। पात्र उम्मीदवार 12 दिसंबर से 16 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
